Aapka Rajasthan

5 नवंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज, बेनेट को मिली जिम्बाब्वे की कमान

हरारे, 4 नवंबर (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे क्रिकेट (जेडसी) ने यूएई में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मुकाबलों की सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। नियमित कप्तान रिचर्ड नगारवा चोट के कारण टीम का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए ब्रायन बेनेट टीम की कप्तानी करेंगे। दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 5 नवंबर से शुरू होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 13 नवंबर से खेला जाएगा। दोनों मुकाबले शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे।
 
टीम में उन खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है, जो जून में जिम्बाब्वे की सबसे बड़ी टेस्ट जीत का हिस्सा थे। तब उन्होंने हरारे स्पोर्ट्स क्लब में बांग्लादेश को एक पारी और 85 रनों से हराया था।

जिम्बाब्वे क्रिकेट (जेडसी) ने बताया, "नगारवा अभी भी पीठ की चोट से उबर रहे हैं, इसलिए वह टीम से बाहर हैं। वहीं, तेज गेंदबाज तनाका चिवंगा भी चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं।"

बल्लेबाजी क्रम में बेनेट के पास अनुभवी खिलाड़ियों का साथ होगा। टीम में ब्रेंडन टेलर और क्रेग एर्विन के अलावा इनोसेंट काइया, बेन कुरेन, तदिवनाशे मारुमानी और वेस्ली मधेवेरे जैसे विकल्प मौजूद हैं।

टेलर और एर्विन वनडे ट्राई-सीरीज के बाद यूएई में ही रुक गए थे, ताकि टेस्ट सीरीज की तैयारी कर सकें। इसके अलावा, अनुभवी लेग-स्पिनर ग्रीम क्रेमर भी टेस्ट टीम से जुड़ गए हैं।

कुंदई मातिगिमु और विंसेंट मासेकेसा की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। साथ ही, ऑलराउंडर एंटम नकवी को भी शामिल किया गया है, जो अब जिम्बाब्वे का प्रतिनिधित्व करने के लिए आईसीसी की पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं।

तेज गेंदबाजी विभाग में ब्लेसिंग मुजारबानी के साथ ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, माटिगिमु और अर्नेस्ट मासुकु शामिल हैं। मासुकु ने अब तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है।

स्पिन गेंदबाजी के लिए क्रेमर, मासेकेसा और वेलिंगटन मसाकाद्जा मौजूद हैं, जबकि विकेटकीपर-बल्लेबाज तफादज्वा त्सिगा को भी टीम में जगह दी गई है।

जिम्बाब्वे की टीम: ब्रायन बेनेट (कप्तान), अंतुम नकवी, बेन कुरेन, ब्लेसिंग मुजाराबानी, ब्रैड इवांस, ब्रेंडन टेलर, क्रेग एर्विन, ग्रीम क्रेमर, इनोसेंट कैया, अर्नेस्ट मासुकु, कुंडाई माटिगिमु, न्यूमैन न्यामुरी, तदिवानाशे मारुमनी, तफदजवा त्सिगा, विंसेंट मासेकेसा, वेलिंगटन मासाकाद्जा, वेस्ली मधेवेरे।

--आईएएनएस

आरएसजी