5 खिलाड़ी, जिन्होंने बतौर कप्तान सर्वाधिक आईपीएल मैच खेले
नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 19वां सीजन जारी है। इस बीच कई बड़े रिकॉर्ड्स इस लीग में बने हैं। आइए, उन खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने बतौर कप्तान सर्वाधिक आईपीएल मैच खेले।
महेंद्र सिंह धोनी: चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को पांच आईपीएल खिताब जिताने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने बतौर कप्तान 235 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें उनका जीत प्रतिशत 57.87 रहा। इस दौरान माही ने 136 मुकाबले जीते, जबकि 97 मैच में हार का सामना करना पड़ा। 2 मुकाबले बेनतीजा रहे। धोनी ने अपने करियर में कुल 278 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें 38.30 की औसत के साथ 5,439 रन बनाए।
रोहित शर्मा: इनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। बतौर कप्तान रोहित शर्मा ने साल 2012 से 2023 के बीच 158 मैच खेले, जिसमें 87 मैच जीते, जबकि 67 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस बीच 4 मैच टाई रहे। रोहित ने आईपीएल करियर में कुल 273 मैच खेले, जिसमें 29.93 की औसत के साथ 7,124 रन बनाए। इस दौरान 2 शतकीय पारियां भी शामिल रहीं।
विराट कोहली: इस दिग्गज खिलाड़ी ने अब तक आईपीएल करियर के सभी 268 मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेले हैं। इस दौरान कोहली ने 143 मुकाबलों में टीम की कमान संभाली, जिसमें 66 मैच जीते और 70 गंवाए। इस दौरान 3 मैच टाई रहे। 4 मुकाबलों का नतीजा नहीं निकला। कोहली ने आईपीएल करियर में 39.86 की औसत के साथ 8,730 रन बनाए, जिसमें 8 शतक शामिल हैं।
गौतम गंभीर: अपनी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स को दो आईपीएल खिताब जिता चुके गौतम गंभीर ने लीग के 129 मुकाबलों में टीम की कमान संभाली, जिसमें 71 मैच जीते और 57 गंवाए। इस दौरान 1 मैच टाई रहा। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कुल 154 आईपीएल मैच खेले, जिसमें 31 की औसत के साथ 4,217 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 36 अर्धशतक निकले।
श्रेयस अय्यर: इस खिलाड़ी ने अपने आईपीएल करियर में कुल 133 मैच खेले, जिसमें 34.22 की औसत के साथ 3,731 रन बनाए। इस दौरान अय्यर ने 87 मुकाबलों में टीम की कमान संभाली, जिसमें 48 जीते और 35 मैच गंवाए। 2 मैच टाई रहे और इतने ही मुकाबलों का नतीजा नहीं निकल सका।
--आईएएनएस
आरएसजी
