प्रधानमंत्री मोदी 5 जून को दक्षिण गुजरात को देंगे 18 हजार करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की भेंट
गांधीनगर, 4 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुजरात के सूरत की यात्रा पर आ रहे हैं। इस यात्रा के दौरान वे दक्षिण गुजरात अंचल को 18,777 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की भेंट देने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री सूरत से भारत सरकार तथा गुजरात सरकार के विभिन्न 24 प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे, जिनमें 4852 करोड़ रुपए की लागत वाले 5 प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास तथा 13,926 करोड़ रुपए की लागत वाले 19 प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी उपस्थित रहेंगे।
पीएम मोदी शुक्रवार को सूरत से 16,968 करोड़ रुपए के भारत सरकार के 7 प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण तथा शिलान्यास करेंगे। इन प्रोजेक्ट्स में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के 4 प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास, 2 प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण तथा ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग (ईपीडी) के 1 प्रोजेक्ट का लोकार्पण शामिल है।
एनएचएआई अंतर्गत 7689 करोड़ रुपए की लागत से वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे (पैकेज VI एवं VII) का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 4732 करोड़ रुपए की लागत से एनएचएआई के अन्य 4 प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास भी किया जाएगा, जिनमें एनएच-56 (पैकेज 4) पर धमासिया से मोवी तक फोर लेनिंग, एनएच-56 (पैकेज 6) पर नसारपोर से मलोथा तक फोर लेनिंग, सूरत-हजीरा नेशनल हाईवे (एनएच-53) पर चेनेज 11.22 पर वीयूपी अर्थात व्हीकल अंडरपास (रिलायंस) तथा चेनेज 14.41 पर वीयूपी कम फ्लायओवर (कावास) शामिल हैं। साथ ही, ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग (ईपीडी) अंतर्गत 4547 करोड़ रुपए की लागत से गुजरात में ट्रांसमिशन नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी राज्य के विभिन्न विभागों के अंतर्गत 1810 करोड़ रुपए के 19 प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन प्रोजेक्ट्स में ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स, शहरी विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जीआईडीसी, सड़क एवं भवन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, आदिजाति विकास तथा पंचायत विभाग के विकास कार्य शामिल हैं।
गुजरात सरकार के इन प्रोजेक्ट्स में जीआईडीसी अंतर्गत 1063.43 करोड़ रुपए की लागत से 8 प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण किया जाएगा, जिनमें भरूच और वलसाड में विभिन्न इन्फ्रास्ट्रक्चर संबंधी कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत सूरत में रीजनल साइंस सेंटर का शिलान्यास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग अंतर्गत ओल्ड सिविल हॉस्पिटल कैंपस में 100 बेड्स वाले सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल तथा 50 बेड्स वाले आयुष हॉस्पिटल का लोकार्पण, सड़क एवं भवन विभाग अंतर्गत बोरदा-सातकाशी-शेरूला रोड का लोकार्पण, पंचायत विभाग अंतर्गत डांग जिला पंचायत कार्यालय के नए भवन का लोकार्पण और शहरी विकास विभाग अंतर्गत साउथ-वेस्ट अठवा जोन क्षेत्र में स्थित भटार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में कन्वेंशनल एक्टिवेटेड स्लज प्रोसेस के तहत 90 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के अपग्रेडेशन कार्य और वापी स्टॉर्म वॉटर ड्रेन (एसडब्लूडी) का लोकार्पण किया जाएगा।
बता दें कि गत 26 मई को नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण हुए हैं। इन 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गुजरात प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास का साक्षी बना है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गुजरात विकसित गुजरात से विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
--आईएएनएस
डीकेपी/
