Aapka Rajasthan

दिन में छाया अंधेरा, काले बादलों और तेज आंधी-तूफान ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा 4 और 5 जून के लिए जारी किए गए येलो अलर्ट के बीच गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर का मौसम अचानक बदल गया। दोपहर के समय आसमान पर घने काले बादल छा गए और कई इलाकों में दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज आंधी, धूल भरी हवाओं और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। सड़कों पर निकले लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
 
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 4 जून को दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई थी। विभाग ने चेतावनी दी थी कि पूर्वाह्न और दोपहर के दौरान तेज सतही हवाएं चल सकती हैं तथा गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची, जिससे पेड़ों की शाखाएं हिलती रहीं और कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ।

आईएमडी के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 4 जून को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान था। विभाग ने विशेष रूप से चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि दिनभर गरज-चमक, बिजली गिरने की संभावना और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। येलो अलर्ट के दूसरे दिन यानी 5 जून के लिए भी मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार इस दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार सुबह, पूर्वाह्न और रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना बना रह सकता है।

6 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं 7 जून को मौसम साफ रहने की संभावना है तथा अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। गुरुवार को आए तेज तूफान और बारिश से गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन अचानक बदले मौसम ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दीं।

कई स्थानों पर वाहन चालकों को कम दृश्यता और तेज हवाओं के कारण सावधानी बरतनी पड़ी। मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, कमजोर ढांचों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है। येलो अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां भी सतर्क हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे तक मौसम की गतिविधियों पर नजर बनाए रखने की आवश्यकता है और लोगों को समय-समय पर जारी होने वाली मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करना चाहिए।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम