399 लोगों को वितरित किए नियुक्ति पत्र, यह हमारे लिए खुशी का पल: सीएम विष्णु देव साय
रायपुर, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि राज्य में उच्च शिक्षा निदेशालय में 399 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। इन पदों पर भर्ती के लिए युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसी को देखते हुए आज का दिन प्रदेश के युवाओं के लिए काफी खुशी का दिन है। इस पल को निसंदेह शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है।
सीएम विष्णुदेव साय ने गुरुवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं के परिजन भी आए हुए हैं। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। हम व्यापम और शिक्षा निदेशालय को इस नियुक्ति के लिए धन्यवाद देते हैं।
इसके अलावा, उन्होंने जनगणना को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में भी जनगणना शुरू होगी। यह स्वगणना होगी, जिसमें व्यक्ति खुद ही अपने बारे में जानकारी देगा। उसे किसी की आवश्यकता नहीं होगी। इसके बाद उन लोगों को सभी के घरों पर भेजा जाएगा, जिनकी ड्यूटी जनगणना के लिए लगाई गई है। इसके तहत सबसे पहले घरों की गिनती होगी, जिसमें यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि किसी कस्बे में कुल कितने घर हैं। इसके बाद फिर फरवरी 2027 में फिर से उस व्यक्ति को ड्यूटी पर भेजा जाएगा और उसकी जिम्मेदारी होगी कि सभी लोगों के बारे में पूरी जानकारी जुटाए।
साथ ही, उन्होंने कांग्रेस के उन आरोपों को भी सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें यह कहा गया था कि आदिवासियों के अधिकारों को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इन आरोपों में बिल्कुल भी सत्यता नहीं है। लिहाजा मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। विशेष रूप से आदिवासियों को बिल्कुल भी नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के रिटायर जज की तरफ एक समिति का गठन किया जाएगा, जो इस पूरे मामले की जांच करेगी। आने वाले दिनों में सभी वर्गों के लोगों से पूरी जानकारी जुटाई जाएगी, जिसके बाद पूरा प्रारूप तैयार किया जाएगा। इसके बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा।
साथ ही, उन्होंने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आज की तारीख में कांग्रेस लोगों का विश्वास खो चुकी है। इस पार्टी को अब कोई भी पूछने वाला नहीं है। इसी वजह से ये लोग विभिन्न मुद्दों का जिक्र करके लोगों को भरमाने की कोशिश करते हैं, लेकिन मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि अब कांग्रेस की इस स्थिति को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वहीं, उन्होंने जानकारी दी कि गर्मी बहुत बढ़ रही है। इसी को देखते हुए हमने आगामी 20 अप्रैल से स्कूल में छट्टी करने का फैसला किया है, ताकि छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।
--आईएएनएस
डीकेपी/
