Aapka Rajasthan

21वीं सदी के भारत में हर भारतीय लोकतंत्र का योद्धा है, सिर्फ भागीदार नहीं : डिप्टी सीएम विजय सिन्हा

पटना, 1 जनवरी (आईएएनएस)। नववर्ष 2026 के मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लोकतंत्र, सुशासन और भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था पर विस्तार से अपनी बात रखी।
 
21वीं सदी के भारत में हर भारतीय लोकतंत्र का योद्धा है, सिर्फ भागीदार नहीं : डिप्टी सीएम विजय सिन्हा

पटना, 1 जनवरी (आईएएनएस)। नववर्ष 2026 के मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लोकतंत्र, सुशासन और भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था पर विस्तार से अपनी बात रखी।

उन्होंने आईएएनएस से कहा कि बिहार लोकतंत्र की धरती है और यहां से जो संदेश जाता है, वह सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल सहित पूरे देश में लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले हर नागरिक तक पहुंचता है।

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में हर भारतीय सिर्फ भागीदार नहीं, बल्कि उसका योद्धा है। उन्होंने परिवारवाद और जातीय राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग सत्ता को जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं और जातीय उन्माद के सहारे आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन बिहार की जनता ने ऐसे प्रयासों को सिरे से नकार दिया है। बिहार के लोगों ने साफ संदेश दिया है कि उन्हें विकास पसंद है, सामाजिक सौहार्द पसंद है और वही राजनीति स्वीकार है, जो जनता की सेवा के भाव से की जाए।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता का सेवक बनकर काम करना चाहिए। सम्मान तभी मिलता है, जब सेवा, ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम किया जाए। मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने अपने कार्यकाल में यह साबित किया है कि शुचिता, सुशासन और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ना ही सही रास्ता है। यही मॉडल आज बिहार की पहचान बन रहा है।

विजय सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश में दूरदृष्टि, मजबूत इरादों और स्पष्ट नीति के साथ एक सकारात्मक माहौल बना है, जिस पर हर भारतीय गर्व करता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 'वसुधैव कुटुम्बकम' की भावना के साथ पूरी दुनिया को एक परिवार मानते हुए आगे बढ़ रहा है और मानवता के कल्याण के लिए काम कर रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि 21वीं सदी का भारत विश्वगुरु बनेगा। यह सदी युवा भारत की सदी है, जहां देश का नौजवान नई ऊर्जा, नए विचार और नए वातावरण के साथ आगे बढ़ने को तैयार है। विकसित बिहार और विकसित भारत का जो संकल्प प्रधानमंत्री मोदी ने लिया है, उसे साकार करने के लिए देश का हर नागरिक तैयार है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नववर्ष के साथ देश में जो सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है, वह मानवता को शक्ति देगा और 'वसुधैव कुटुम्बकम' की भावना को और मजबूत करेगा।

--आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम