Aapka Rajasthan

2029 के चुनाव की तैयारी में अभी से जुटें भाजपा कार्यकर्ता, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करेंः नितिन नवीन

रांची, 7 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने झारखंड भाजपा के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को वर्ष 2029 के चुनावी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अभी से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में जुट जाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए भाजपा का संगठन जमीनी स्तर तक सशक्त होना जरूरी है।
 
2029 के चुनाव की तैयारी में अभी से जुटें भाजपा कार्यकर्ता, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करेंः नितिन नवीन

रांची, 7 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने झारखंड भाजपा के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को वर्ष 2029 के चुनावी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अभी से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में जुट जाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए भाजपा का संगठन जमीनी स्तर तक सशक्त होना जरूरी है।

नितिन नवीन ने अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे के दूसरे दिन रविवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी सेल के प्रतिनिधियों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान संगठनात्मक टीम का गठन 2029 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर किया गया है और यही टीम आगामी चुनावों का नेतृत्व करेगी। पिछले चुनावों के अनुभवों से सीख लेते हुए कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी शुरू करनी होगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा झारखंड का गढ़ थी, है और रहेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन विस्तार के लिए मंडल स्तर तक मोर्चों का गठन पूरा करने, प्रत्येक मंडल में सक्रिय कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार करने तथा प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक नियमित बैठकों के आयोजन का निर्देश दिया। उन्होंने वरिष्ठ और पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मानपूर्वक संगठन से जोड़ने तथा पार्टी हित को सर्वोपरि रखने पर भी जोर दिया।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसे गंभीरता से लेने और बूथ स्तर तक इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विचार परिवार के संगठनों के साथ समन्वय बढ़ाने और नियमित प्रवास के माध्यम से संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नए उत्साह और ऊर्जा के साथ संगठन विस्तार में जुटने का आह्वान किया।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की जेएमएम-कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के मुद्दे उठाए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से स्थानीय जनमुद्दों को लेकर आंदोलन करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि नितिन नवीन का राजनीतिक सफर भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति का उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा।

बैठक में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने प्रदेश में चल रहे संगठनात्मक अभियानों, बूथ सशक्तिकरण, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और आगामी गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष उपस्थित थे।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएसएच