Aapka Rajasthan

2027 से 2029 तक शार्लोट में आयोजित होंगे डब्ल्यूटीए फाइनल्स

शार्लेट, 16 सितंबर (आईएएनएस)। महिला टेनिस के सबसे बड़े टूर्नामेंट्स में से एक डब्ल्यूटीए फाइनल्स को 2027 से नया घर मिलने जा रहा है। अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना राज्य का शार्लोट शहर अगले तीन वर्षों तक इस सीजन-समापन चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। महिला टेनिस टूर अपने सबसे बड़े इवेंट के लिए एक लंबे समय तक चलने वाला प्लेटफॉर्म बनाना चाहता है।
 

शार्लेट, 16 सितंबर (आईएएनएस)। महिला टेनिस के सबसे बड़े टूर्नामेंट्स में से एक डब्ल्यूटीए फाइनल्स को 2027 से नया घर मिलने जा रहा है। अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना राज्य का शार्लोट शहर अगले तीन वर्षों तक इस सीजन-समापन चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। महिला टेनिस टूर अपने सबसे बड़े इवेंट के लिए एक लंबे समय तक चलने वाला प्लेटफॉर्म बनाना चाहता है।

डब्ल्यूटीए ने बुधवार को बताया कि फाइनल्स 2027-29 तक स्पेक्ट्रम सेंटर में खेले जाएंगे, जो एनबीए की टीम शार्लेट हॉर्नेट्स का होम ग्राउंड है। इस टूर्नामेंट में डब्ल्यूटीए टूर की टॉप सिंगल्स खिलाड़ी और डबल्स टीमें सीजन के आखिर में मिलने वाले खिताबों के लिए मुकाबला करती हैं।

यह कदम डब्ल्यूटीए फाइनल्स के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है, जो पिछले दो दशकों में दुनिया भर के कई शहरों में आयोजित किए गए हैं। डब्ल्यूटीए ने कहा कि इस लंबी अवधि की साझेदारी से चैंपियनशिप की पहचान और अनुभव को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, साथ ही फैंस और कमर्शियल पार्टनर्स के साथ रिश्ते भी मजबूत होंगे।

इस पूरी प्रक्रिया में 'शार्लेट स्पोर्ट्स फाउंडेशन' डब्ल्यूटीए का मुख्य लोकल पार्टनर था। इसने साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए राज्य और स्थानीय अधिकारियों के साथ-साथ इलाके की बिजनेस कम्युनिटी के साथ भी काम किया।

टूर्नामेंट खत्म होने के बाद भी यह साझेदारी जारी रहेगी और डब्ल्यूटीए अपने ग्लोबल हेडक्वार्टर को शार्लेट में शिफ्ट करने की योजना बना रहा है। उम्मीद है कि इस कदम से इलाके के बिजनेस, सिविक, स्पोर्ट्स और कम्युनिटी लीडर्स के साथ ऑर्गनाइजेशन के संबंध और मजबूत होंगे।

डब्ल्यूटीए फाइनल्स, डब्ल्यूटीए टूर सीजन का सबसे अहम इवेंट है। इसमें हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का चयन पूरे साल 'पीआईएफ रेस टू द डब्ल्यूटीए फाइनल्स' में उनके प्रदर्शन के आधार पर होता है। सीजन के आखिर में होने वाले इस प्रतिष्ठित इवेंट में सिर्फ टॉप सिंगल्स खिलाड़ी और डबल्स टीमें ही जगह बना पाती हैं। सिंगल्स चैंपियन को 'डब्ल्यूटीए फाइनल्स बिली जीन किंग ट्रॉफी' मिलती है, जबकि डबल्स विनर्स 'डब्ल्यूटीए फाइनल्स मार्टिना नवरातिलोवा ट्रॉफी' जीतते हैं।

पिछले दो दशकों में दुनिया के विभिन्न देशों में आयोजन के बाद डब्ल्यूटीए फाइनल्स 2026 में अमेरिका लौटेगा, जहां इंडियन वेल्स इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। डब्ल्यूटीए के अनुसार, 2027 से फाइनल्स को शार्लोट में स्थानांतरित करने का उद्देश्य इस वैश्विक विरासत को आगे बढ़ाना और फाइनल्स सप्ताह को अंतरराष्ट्रीय महिला खेल कैलेंडर के एक प्रमुख आयोजन के रूप में स्थापित करना है।

--आईएएनएस

आरएआरएसजी