2026 पेइचिंग सांस्कृतिक मंच 22 और 23 सितंबर को आयोजित होगा
बीजिंग, 3 सितंबर (आईएएनएस)। चीनी राज्य परिषद की अनुमति से, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के प्रचार-प्रसार विभाग, पेइचिंग पार्टी समिति और पेइचिंग नगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में 2026 पेइचिंग सांस्कृतिक मंच 22 और 23 सितंबर को पेइचिंग में आयोजित किया जाएगा।
2026 पेइचिंग सांस्कृतिक मंच चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के सांस्कृतिक विचारों द्वारा निर्देशित होगा, तथा शी चिनफिंग के पेइचिंग सांस्कृतिक मंच को भेजे गए बधाई संदेश की भावना को गहराई से लागू करेगा। इस मंच में घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों को चर्चा और आदान-प्रदान बढ़ाने, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को गहरा करने तथा वैश्विक सहमति बनाने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
इस मंच में चीनी और विदेशी अतिथि सांस्कृतिक विरासत और सभ्यताओं की आपसी सीख पर ध्यान केंद्रित करेंगे और सांस्कृतिक विरासत के व्यवस्थित संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत संरक्षण में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग, शहरीकरण प्रक्रिया में प्राचीन राजधानियों के संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत और कलात्मक सृजन, तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर गहन रूप से चर्चा करेंगे। ताकि सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने तथा सभ्यताओं के बीच आदान-प्रदान एवं पारस्परिक सीख को प्रोत्साहित करने के लिए बौद्धिक संसाधनों एवं शक्ति का संचय किया जा सके।
बता दें कि इस मंच में प्रसिद्ध घरेलू एवं विदेशी विद्वानों, विश्व स्तरीय सांस्कृतिक संस्थानों के प्रतिनिधियों, प्रमुख सांस्कृतिक उद्यमों के प्रतिनिधियों, सांस्कृतिक हस्तियों तथा उद्योग जगत के अग्रणी व्यक्तियों सहित लगभग 600 चीनी और विदेशी अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है। मंच के दौरान महत्वपूर्ण उपलब्धियों की घोषणा के लिए विशेष कार्यक्रम, सांस्कृतिक उद्योग निवेशक सम्मेलन तथा अन्य सहायक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
(साभार-चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
