Aapka Rajasthan

2018 में जो हुआ, उसे लेकर मेरा नजरिया आज भी वही है, सैंडपेपर विवाद को लेकर बोले डैरेन लेहमैन

नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच डैरेन लेहमैन ने एक बार फिर इस बात से इनकार किया है कि उन्हें 2018 के साउथ अफ्रीका दौरे पर सैंडपेपर वाली साजिश के बारे में कोई जानकारी थी। उन्होंने कहा कि इस विवाद के बाद वह एक बहुत ही मुश्किल दौर से गुजरे थे।
 

नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच डैरेन लेहमैन ने एक बार फिर इस बात से इनकार किया है कि उन्हें 2018 के साउथ अफ्रीका दौरे पर सैंडपेपर वाली साजिश के बारे में कोई जानकारी थी। उन्होंने कहा कि इस विवाद के बाद वह एक बहुत ही मुश्किल दौर से गुजरे थे।

सैंडपेपर गेट विवाद के समय ऑस्ट्रेलिया के कोच रहे लेहमैन ने इस मामले पर फिर से बात की है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा ने हाल ही में अपनी किताब 'सब्र' में खुलासा किया कि 2018 में गेंद पर लगाए गए सैंडपेपर की जानकारी स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और बेनक्रॉफ्ट को ही नहीं, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी। इसके बाद से यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है। शनिवार को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच ओपनिंग टी20 मैच से पहले 'एबीसी रेडियो' से बात करते हुए लेहमैन ने जोर देकर कहा कि उन्हें सैंडपेपर वाली साजिश के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

'एबीसी रेडियो' के अनुसार डैरेन लेहमैन ने कहा, "2018 में जो हुआ, उसे लेकर मेरा नजरिया आज भी वही है। वह एक बहुत बुरा दौर था।"

हाल ही में कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने अपने 4000 शब्दों के एक लेख में दावा किया था कि लेहमैन को इस योजना के बारे में पता था। बैनक्रॉफ्ट ने लिखा, "चेंजिंग रूम में गेंद को रिवर्स स्विंग कराने के तरीके को लेकर बातचीत हुई थी। मुझे याद है कि उस बातचीत में बॉलिंग कोच डेविड साकर और कोच डैरेन लेहमैन भी वहां मौजूद थे।"

बैनक्रॉफ्ट ने अपने लेख में यह भी बताया था कि उस समय डेविड वॉर्नर ने गेंद के एक हिस्से को खुरदरा करने के लिए सैंडपेपर का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था, हालांकि लेहमैन का कहना है कि उन्हें ऐसी किसी बातचीत का हिस्सा बनने की बात याद नहीं है। उन्होंने कहा, "मुझे याद नहीं है कि मैं उस बातचीत में मौजूद था। यह साढ़े आठ साल पुरानी बात है। आपको उन लोगों से पूछना होगा। असल बात यह है कि मेरा अपना पक्ष है और मैं उसी पर कायम हूं।"

इस घटना के बाद कोच पद से इस्तीफा देने वाले लेहमैन ने एक कोच के तौर पर अपनी जिम्मेदारी स्वीकार की और उस मुश्किल दौर को याद किया जिसका उन्हें सामना करना पड़ा था। लेहमैन ने कहा, "रिवर्स स्विंग के लिए आप गेंद को जमीन पर पटकते हैं, एक तरफ से उसे खुरदरा बनाते हैं, या उसे कुरेदते हैं, ऐसा 100 वर्षों से होता आ रहा है।"

उन्होंने आगे कहा, "2018 में बात हद से ज्यादा आगे बढ़ गई थी और कोच होने के नाते मैं इसके लिए जिम्मेदार हूं। लोगों ने कहा कि मैंने कुछ नहीं खोया। असल में मैंने दुनिया की सबसे बेहतरीन नौकरी खो दी और मुझे इसका अफसोस है। जो कुछ भी हुआ, उसके लिए मुझे खेद है। आम जनता से मैं बस इतना ही कह सकता हूं। मैं बहुत बुरे दौर से गुजरा। आप जितना बुरा सोच सकते हैं, मैं उतने ही बुरे दौर से गुजरा हूं। मुझे वापस सामान्य स्थिति में आने में लगभग तीन से चार साल लग गए।"

लेहमैन अब आगे बढ़ना चाहते हैं और उस बुरे दौर में वापस नहीं जाना चाहते। उन्होंने कहा, "मैं उस बुरे दौर में वापस नहीं जा रहा हूं। मैं आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा हूं। मैं पीछे नहीं मुड़ने वाला। कुछ बातें मुझे याद हैं और कुछ नहीं। यह साढ़े आठ साल पुरानी बात है, वह बहुत ही दर्दनाक समय था। मैं उस बुरे दौर में वापस नहीं जाना चाहता और उम्मीद करता हूं कि कोई और भी वहां न जाए। मुझे उन सभी लोगों और उनके परिवारों के लिए बुरा लगता है।"

उन्होंने कहा कि वह बैनक्रॉफ्ट और इसमें शामिल सभी खिलाड़ियों और स्टाफ के प्रति सहानुभूति रखते हैं। लेहमैन ने सैंडपेपर गेट मामले में मीडिया कवरेज की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, "कुछ बातें ऐसी कही गईं जिनसे कई लोगों को गहरी चोट पहुंची है। मुझे इसी बात की परवाह है। इस समय कई लोग आहत हैं और मुझे लगता है कि लोग इस पहलू को भूल गए हैं। हां, हमने गलतियां कीं, हमने जितना हो सके माफी मांगी और अब आगे बढ़ने की कोशिश करनी चाहिए। मैं उस दौर में वापस नहीं जा रहा हूं, लेकिन ऐसा लगता है कि हर कोई एक-दूसरे को ऐसे बुरे दौर की तरफ धकेल रहा है।"

--आईएएनएस

एसएम/वीसी