जॉम्बी रेड्डी-2 एनएक्सटी एलवीएल से उपेंद्र का फर्स्ट लुक आउट, आदिवासी लुक में आए नजर
मुंबई, 18 सितंबर (आईएएनएस)। निर्देशक सुपर्ण एस वर्मा की आगामी फिल्म 'जॉम्बी रेड्डी-2 एनएक्सटी एलवीएल' के मेकर्स ने शुक्रवार को अभिनेता उपेंद्र के जन्मदिन के मौके पर उनका फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज कर दिया है। यह एक हाई-ऑक्टेन जॉम्बी एक्शन-कॉमेडी है, जो वर्ष 2021 की हिट फिल्म 'जॉम्बी रेड्डी' का सीक्वल है।
निर्देशक सुपर्ण एस वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अभिनेता के पहले लुक का पोस्टर रिलीज किया। पोस्टर में उपेंद्र काफी वाइल्ड, दमदार और बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रहे है, जो देखते ही सबका ध्यान खींच रहा है।
पोस्टर में उपेंद्र एक बड़े पेड़ की डाल में उल्टा लटके हुए नजर आ रहे हैं और उनके एक हाथ में हथियार है। बिखरे हुए बाल, रफ लुक और दमदार एक्सप्रेशन उनके किरदार को और भी रहस्यमय बना रहे हैं।
उनकी डार्क ड्रेस और आदिवासी स्टाइल के डिजाइन से उनका लुक और भी अलग और रॉ लग रहा है। पीछे घना जंगल, जलती हुई मशालें और कुछ रहस्यमय परछाइयां दिख रही हैं। जंगल का डरावना माहौल और उपेंद्र का अनोखा अंदाज मिलकर फिल्म को एक अलग ही फैंटेसी-एक्शन वाला फील दे रहा है। पोस्टर पर लिखी टैगलाइन 'दुनिया को उल्टा करने के लिए तैयार' इसके असर को और भी बढ़ा रहा है।
निर्देशक ने तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "रियल स्टार उपेंद्र को जन्मदिन की ढ़ेर सारी शुभकामनाएं। 'जॉम्बी रेड्डी-2 एनएक्सटी एलवीएल' में उनका ऐसा अवतार देखने को मिलेगा जो पहले कभी नहीं देखा गया, जो पागलपन, खौफ और मास एंटरटेनमेंट का नया लेवल लेकर आएगा।"
सुपर्ण एस वर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म में तेजा सज्जा, कन्नड़ सुपरस्टार उपेंद्र और शनाया कपूर (जो इस फिल्म से अपना साउथ इंडियन/तेलुगु डेब्यू कर रही हैं), जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
यह फिल्म साल 2021 की हिट फिल्म 'जॉम्बी रेड्डी' का सीक्वल है। इस बार जॉम्बी का प्रकोप किसी छोटे गांव की बजाय हैदराबाद जैसे बड़े शहर में फैलने वाला है, जहां तबाही के बीच मुख्य किरदार संघर्ष करते दिखेंगे।
पीपल मीडिया फैक्टरी के बैनर तले टी.जी. विश्व प्रसाद और कृति प्रसाद द्वारा प्रस्तुत फिल्म को विश्व स्तर पर 2027 में हिंदी, तेलुगु, कन्नड़, तमिल, मलयालम, नेपाली और जापानी सहित कुल सात भाषाओं में सिनेमाघरों में प्रसारित किया जाएगा।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम
