Aapka Rajasthan

17वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह कल, विजेताओं को करेंगे अर्जुन राम मेघवाल सम्मानित

नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए 17वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2024-25 का पुरस्कार वितरण समारोह मंगलवार को दोपहर तीन बजे से नई दिल्ली स्थित संसद पुस्तकालय भवन में आयोजित किया जाएगा।
 

नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए 17वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2024-25 का पुरस्कार वितरण समारोह मंगलवार को दोपहर तीन बजे से नई दिल्ली स्थित संसद पुस्तकालय भवन में आयोजित किया जाएगा।

विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल समारोह की अध्यक्षता करेंगे और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुरस्कार विजेता विश्वविद्यालयों और कॉलेजों व छात्रों को पुरस्कार वितरित करेंगे। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर स्थित कश्मीर विश्वविद्यालय के छात्र पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान अपनी युवा संसद की बैठक का फिर से प्रदर्शन करेंगे। इन छात्रों ने 17वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2024-25 में विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले 29 सालों से विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए युवा संसद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है। विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए युवा संसद प्रतियोगिता योजना के तहत इस श्रृंखला की 17वीं प्रतियोगिता देश के 51 विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के बीच आयोजित की गई।

युवा संसद योजना का उद्देश्य युवा पीढ़ी में आत्म-अनुशासन, विभिन्न मतों के प्रति सहिष्णुता, विचारों की निष्पक्ष अभिव्यक्ति और लोकतांत्रिक जीवन शैली के अन्य गुणों को विकसित करना है। इसके अलावा, यह योजना छात्रों को संसद की कार्यप्रणाली और प्रक्रियाओं, चर्चा और वाद-विवाद की तकनीकों से परिचित कराती है और उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी भाषण कला का विकास करती है।

राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए 'अटल बिहारी वाजपेयी रनिंग पार्लियामेंट्री शील्ड' दी जाएगी और यह ट्रॉफी जम्मू-कश्मीर स्थित कश्मीर विश्वविद्यालय को प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्रतियोगिता में समूह स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 7 विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को भी मंत्री की ओर से समूह स्तरीय विजेता ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

इनमें जालंधर का डीएवी कॉलेज, कोलकाता का जादवपुर विश्वविद्यालय, कोल्हापुर का शिवाजी विश्वविद्यालय, बठिंडा का पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, बेंगलुरु का एसएसएमआरवी कॉलेज, पटना का चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय और कुरुक्षेत्र का कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शामिल है।

--आईएएनएस

डीसीएच/