Aapka Rajasthan

यमुना प्राधिकरण के कानूनगो से मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, 15-20 लोगों पर केस दर्ज

ग्रेटर नोएडा, 20 नवंबर (आईएएनएस)। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के एक कानूनगो एवं राजस्व निरीक्षक के साथ मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
 

ग्रेटर नोएडा, 20 नवंबर (आईएएनएस)। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के एक कानूनगो एवं राजस्व निरीक्षक के साथ मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि वृंदावन कट के पास ग्राम ढकू, तहसील मांट, जिला मथुरा स्थित गाटा संख्या 30 मि. पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के यथास्थिति बनाए रखने के आदेश के बावजूद निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जब प्राधिकरण के राजस्व निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके साथ अभद्रता और मारपीट की। मामले की गंभीरता को देखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।

सीईओ के निर्देशों के क्रम में प्राधिकरण के पुलिस उपाधीक्षक (सेवानिवृत्त) को आवश्यक कार्रवाई कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद 20 नवंबर 2026 को मथुरा के थाना जमुनापार में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्राधिकरण की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, कानूनगो/राजस्व निरीक्षक हरिशंकर पारचे यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में तैनात हैं। वृंदावन कट के पास ग्राम ढकू के गाटा संख्या 30 मि. को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में रिट याचिका संख्या 33723/2026 दाखिल की गई थी।

इस मामले में न्यायालय की ओर से संबंधित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश पारित किया गया था। इसके बावजूद राहुल अग्रवाल पुत्र दिनेश अग्रवाल, कुशलपाल और राजेंद्र सिंह पुत्र जयपाल सिंह द्वारा कथित रूप से उक्त जमीन पर निर्माण कार्य जारी रखा गया था।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि न्यायालय के आदेश का पालन कराने और निर्माण कार्य रुकवाने के लिए उन्होंने कई बार प्रयास किए। पूर्व में स्थानीय पुलिस को साथ लेकर भी निर्माण कार्य बंद कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद दोबारा निर्माण शुरू कर दिया गया।

शिकायत के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को हरिशंकर पारचे स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सरकारी कर्मचारी के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए निर्माण कार्य रुकवाने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर राहुल अग्रवाल, कुशलपाल और राजेंद्र सिंह ने 15 से 20 अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उन्हें घेर लिया।

आरोपियों ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। हरिशंकर पारचे के अनुसार, स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए मौके से गाड़ी लेकर निकलने का प्रयास किया।

इस दौरान भी आरोपियों ने उन्हें धमकाते हुए दोबारा वहां आने पर जान से मारने की चेतावनी दी। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि सरकारी कार्य के निर्वहन के दौरान उनके साथ यह घटना की गई, जिससे उनकी सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो गया है।

उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की थी। प्राधिकरण की ओर से इस मामले में 20 नवंबर 2026 को थाना जमुनापार, मथुरा में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने राहुल अग्रवाल, कुशलपाल, राजेंद्र सिंह और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एमएस