Aapka Rajasthan

14 साल से फरार 20 हजार के इनामी बदमाश को क्राइम ब्रांच ने दबोचा

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 14 साल से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को घोषित अपराधी (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) भी घोषित किया गया था और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
 
पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज की टीम ने की है। आरोपी द्वारका साउथ इलाके में दर्ज एक लूट और अपहरण के मामले में वांछित था और सालों से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी लेकिन वह हर बार अपनी पहचान बदलकर और ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच निकलता था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से पुलिस को चकमा देता रहा। वह बार-बार शहर बदलता था, अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था और अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। इसी वजह से उसे पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ डकैती, चोरी, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से फरार रहने के कारण उसे घोषित अपराधी करार दिया गया था और उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

इस कार्रवाई को क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर महिपाल सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पूरी टीम ने तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इस ऑपरेशन की निगरानी एसीपी सतेंद्र मोहन और डीसीपी संजीव कुमार यादव द्वारा की गई।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। इस गिरफ्तारी को दिल्ली पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे लंबे समय से लंबित एक अहम मामला सुलझने की दिशा में आगे बढ़ा है।

--आईएएनएस

पीएम