‘इतना विकास कार्य किसी दूसरे प्रधानमंत्री के लिए संभव नहीं’, पीएम मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर स्वामी कैलाशानंद गिरि
हरिद्वार, 12 जून (आईएएनएस)। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी ने इन 12 वर्षों में जितना विकास कार्य किया है, वह अगले 1200 वर्षों में किसी दूसरे प्रधानमंत्री के लिए संभव नहीं होगा।
हरिद्वार में आईएएनएस से बात करते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरि ने पीएम मोदी के नेतृत्व में किए गए इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की भी तारीफ की।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार से दिल्ली अब मात्र 2 घंटे 50 मिनट में पहुंचा जा सकता है। देहरादून से दिल्ली 2 घंटे 36 मिनट में पहुंच जाते हैं (पहले 6 घंटे लगते थे)। गंगा एक्सप्रेसवे और अन्य एक्सप्रेसवे बनने से यात्रा और भी तेज व सुविधाजनक हो गई है। जहां कभी सड़क नहीं थी, वहां हाईवे बन गए। गांव-गांव तक पानी, बिजली और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गईं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी सिर्फ मठ-मंदिरों की बात नहीं करते, बल्कि समग्र विकास पर जोर देते हैं। उन्होंने नक्सलवाद और आतंकवाद पर लगाम लगाने के लिए सरकार की सराहना की।
उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने डेडलाइन देकर नक्सलवाद समाप्त करने का काम किया। जो नक्सली नहीं मारे गए, वे सरेंडर कर गए।
उन्होंने कहा कि यह तभी संभव हो सकता है जब मौलिक धर्म को मानने वाले लोग स्थापित रहेंगे।
आचार्य ने राम जन्मभूमि, काशी विश्वनाथ, केदारनाथ सहित उत्तराखंड के व्यापक विकास का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल में इन पवित्र स्थानों का कायाकल्प हुआ है और भारत अब विश्व पटल पर मजबूती से खड़ा है।
पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने और उनकी लंबी आयु की कामना करने के लिए राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल हरिद्वार पहुंची। यहां उन्होंने स्वामी कैलाशानंद गिरि से आशीर्वाद लिया।
स्वाति मालीवाल ने कहा कि तीन दिन पहले हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल पूरे किए। यह हमारे देश और लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा पल है। उनकी लीडरशिप में देश ने बहुत तरक्की की है। भाजपा के लोग पीएम मोदी की लंबी आयु के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। आज पूरी दुनिया युद्ध और परेशानियों से घिरी हुई है, लेकिन हमारा देश न सिर्फ मजबूती से लड़ रहा है, बल्कि आगे भी बढ़ रहा है। मैं उनकी लंबी उम्र और निरंतर नेतृत्व के लिए प्रार्थना करने हरिद्वार आई हूं।
उन्होंने कहा कि मैं आदरणीय गुरुदेव कैलाशानंद के पास आई थी। मैंने उनका आशीर्वाद लिया। मुझे बहुत शांति और हल्कापन महसूस हो रहा है। गुरुदेव ने मुझे जीवन भर संस्कृति और महिलाओं के लिए काम करने का आशीर्वाद दिया है। मैं और भी कई जगहों पर जाऊंगी। मैं आम लोगों का आशीर्वाद चाहती हूं। उन्होंने कहा कि हमारे देश का नेतृत्व पीएम मोदी इसी मजबूती के साथ करें।
वहीं, आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि ने स्वाति मालीवाल को अपनी बेटी बताते हुए कहा कि स्वाति मालीवाल मेरी बेटी है। उसकी यह धार्मिक और राष्ट्रीय यात्रा हरिद्वार से शुरू हो रही है। हरिद्वार आध्यात्मिक राजधानी है। वह भगवती के दर्शन के लिए आई थी।
गुरु ने स्वाति की प्रशंसा करते हुए कहा कि जब वह महिला आयोग की अध्यक्ष थीं, तब भी उन्होंने कभी देश के धर्म और परंपरा के खिलाफ नहीं गए। आज उन्हें प्रमुख संतों और समाज का स्वीकार मिल रहा है। स्वाति बहुत बुद्धिमान, पढ़ी-लिखी और समझदार हैं। उन्हें भगवती और महादेव का आशीर्वाद मिलना चाहिए। भाजपा में स्वाति मालीवाल जैसे नेताओं की जरूरत है।
आचार्य ने कहा कि वे उन लोगों को धर्म और परंपरा से जोड़ने का काम करेंगी जो किसी कारणवश इससे दूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वाति नक्षत्र भगवान शिव को प्रिय है और उनकी यात्रा भगवती के आशीर्वाद से शुरू हुई है।
दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की 12वीं वर्षगांठ के मौके पर, हम नागरिकों तक पहुंच रहे हैं और पिछले 12 वर्षों में उनके नेतृत्व में देश की सेवा करने का मौका देने के लिए उन्हें धन्यवाद दे रहे हैं। मैं यह कहना चाहूंगा कि जहां प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया भर में खुद को एक लोकप्रिय नेता के तौर पर स्थापित किया है, वहीं भारत के लोग उन्हें अपने परिवार का सदस्य मानते हैं और उन्हें अपना आशीर्वाद देते रहते हैं।
यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के 12 साल बहुत सफल रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों और सभी क्षेत्रों के लिए काम किया है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीएससी
