Aapka Rajasthan

12 साल पुराना सपना हुआ सच, 'एनी बडी कैन ड्रीम' के हीरो बने राघव जुयाल

मुंबई, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता राघव जुयाल ने आगामी फिल्म 'एनी बडी कैन ड्रीम' की शूटिंग की तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर इस फिल्म का हिस्सा बनने तक के अपने सफर के बारे में बताया।
 

मुंबई, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता राघव जुयाल ने आगामी फिल्म 'एनी बडी कैन ड्रीम' की शूटिंग की तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर इस फिल्म का हिस्सा बनने तक के अपने सफर के बारे में बताया।

अभिनेता राघव जुयाल ने इंस्टाग्राम पर क्लैप बोर्ड की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें फिल्म का नाम 'एनी बडी कैन ड्रीम' लिखा हुआ है। अभिनेता ने इस पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने इस फिल्म का हिस्सा बनने का सपना 12-13 साल पहले देखा था।

उन्होंने लिखा, "एनी बडी कैन ड्रीम।" उन्होंने आगे लिखा, "आज मैं अपने करियर की सबसे अहम फिल्म शुरू कर रहा हूं। इसलिए नहीं कि यह सबसे बड़ी फिल्म है बल्कि मैंने इसे करना का सपना 12-13 साल पहले देखा था। यह मेरे लिए इसलिए अहम है क्योंकि यह मुझे वहीं वापस ले आई है, जहां से मैंने शुरुआत की थी। यह इस बात की याद दिलाता है कि जब आप किसी चीज के लिए लगातार मेहनत करते हैं, उसे महसूस करते हैं और हकीकत बनने से पहले ही उसे जी लेते हैं, तो कभी-कभी ब्रह्मांड भी उसे सच करने का रास्ता ढूंढ लेता है। इसे और भी जादुई बनाता है यह तथ्य कि आज मैं उस फ्रेंचाइजी में लीड रोल में हूं, जहां कभी मैं साइड में खड़ा होकर देखता था।"

अभिनेता का कहना है कि सपने पूरे होते हैं क्योंकि काफी साल पहले उन्होंने इस फिल्म का हिस्सा बनने का सपना देखा था। उन्होंने लिखा, "यह यह वही फिल्म है जिसका मैं सालों पहले हिस्सा बनने का सपना देखता था और अब आखिरकार यह सच हो रहा है। मैं इसमें अपनी पूरी जान लगा दूंगा। यह अब तक की सबसे बेहतरीन डांस फिल्म होगी और मैं ऐसी परफॉर्मेंस देने वाला हूं जैसी डांस फिल्म में पहले कभी नहीं देखी गई।"

राघव जुयाल ने यह भी माना कि कुछ सपनों को पूरा होने में सालों लग जाते हैं। उन्होंने कहा, "सपने पूरे होने में सालों लगते हैं लेकिन जब वह पूरे होते हैं, तो आपको एहसास होता है कि शायद वे कभी आपसे दूर गए ही नहीं थे। कोई भी सपना देख सकता है। जिंदगी जिंदाबाद।"

--आईएएनएस

एनएस/पीएम