Aapka Rajasthan

11 टन राहत सामग्री लेकर नेपाल पहुंचा भारतीय वायु सेना का 9वां विमान

काठमांडू, 19 सितंबर (आईएएनएस)। नेपाल में अपने मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) प्रयासों को जारी रखते हुए भारत ने शनिवार को 11 टन राहत सामग्री काठमांडू पहुंचाई। भारतीय वायु सेना के सी-130 विमान के जरिए सामग्रियां भेजी गईं।
 

काठमांडू, 19 सितंबर (आईएएनएस)। नेपाल में अपने मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) प्रयासों को जारी रखते हुए भारत ने शनिवार को 11 टन राहत सामग्री काठमांडू पहुंचाई। भारतीय वायु सेना के सी-130 विमान के जरिए सामग्रियां भेजी गईं।

नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए इसकी जानकारी दी। कुछ तस्वीरों और वीडियो क्लिप को साझा करते हुए लिखा, "नेपाल में राहत और पुनर्निर्माण के प्रयासों में भारत का सहयोग जारी है। शनिवार को टेंट, दवाइयां, स्लीपिंग बैग और फोरेंसिक सामान समेत 11 टन सामग्री लेकर भारतीय वायु सेना (आईएएफ) का 9वां विमान काठमांडू पहुंचा और यह सामान नेपाल सरकार को सौंप दिया गया।"

नेपाल की उड़ान भरने से पहले विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बताया था कि भारतीय वायु सेना (आईएएफ) का विमान राहत सामग्री लेकर रवाना हुआ। नेपाल 26 अगस्त को आई भयानक बाढ़ से उबरने की कोशिश कर रहा है, जिससे बड़े पैमाने पर तबाही हुई थी। प्राकृतिक आपदा में 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और अब भी हजारों लापता हैं।

भारत में मौजूद नेपाल के दूतावास ने बताया कि शुक्रवार को नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले ने रसुवा में आई बाढ़ के बाद बचाव और राहत कार्यों में मदद के लिए भारत सरकार का आभार जताया।

दूतावास ने एक्स पर लिखा, "नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले ने नई दिल्ली में भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की। मंत्री वाग्ले ने रसुवा में हाल ही में आई बाढ़ के बाद बचाव और राहत कार्यों में मदद के लिए भारत सरकार का धन्यवाद किया।"

इसमें आगे कहा गया, "दोनों मंत्रियों ने नेपाल-भारत की पुरानी दोस्ती को और गहरा करने और आपसी सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।"

पिछले हफ्ते, भारत की ओर से भेजी गई राहत और बचाव सामग्री—जिसमें टनल रेस्क्यू (सुरंग से बचाव) और फोरेंसिक सप्लाई का सामान शामिल था—नेपाल के विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार मंत्री महाबीर पुन को सौंपी गई थी।

श्रीवास्तव ने एक्स पर बताया था कि, "राहत और बचाव सामग्री (जिसमें टनल रेस्क्यू और फोरेंसिक सप्लाई का सामान शामिल था) लेकर भारतीय वायु सेना का आठवां विमान काठमांडू पहुंचा और यह सामग्री नेपाल के विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार मंत्री महाबीर पुन को सौंपी गई।"

--आईएएनएस

केआर/