101 रेल अधिकारियों को 70वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से किया गया सम्मानित, रेल मंत्री ने दी बधाई
नई दिल्ली, 9 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में 101 रेल अधिकारियों को 70वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार तथा विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 26 जोनों को शील्ड प्रदान की।
इस समारोह में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार, रेलवे बोर्ड के सदस्य तथा विभिन्न रेल मंडलों एवं उत्पादन इकाइयों के महाप्रबंधक मौजूद थे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने भारतीय रेल के विद्युतीकरण के 100 वर्ष पूर्ण होने पर डाक टिकट भी जारी किया।
पुरस्कार और शील्ड प्रदान करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी पुरस्कार विजेताओं को उनके असाधारण कार्यों और प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने पिछले एक दशक में भारतीय रेल में हुई परिवर्तनकारी प्रगति को रेखांकित किया। उन्होंने रेलवे में संरक्षा, सुधार और नवाचार पर बल दिया। साथ ही रेलवे से औपनिवेशिक मानसिकता को पूरी तरह से खत्म करने पर जोर दिया।
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार ने अपने स्वागत भाषण में भारत में रेल यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव के साथ-साथ किफायती रेल सेवाएं प्रदान करने की भारतीय रेल की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। नई दिल्ली में यशोभूमि में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गति, आराम और सुरक्षा के सिद्धांतों में उत्कृष्टता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि हम यात्री अनुभव को बेहतर बनाने के लिए अत्याधुनिक तकनीक को शामिल कर रहे हैं। उन्होंने सभी पुरस्कृत अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रशंसा की और उन्हें बधाई दी।
भारतीय रेल द्वारा हर साल अपने कर्मचारियों को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। ये पुरस्कार दो श्रेणियों में दिए जाते हैं- व्यक्तिगत पुरस्कार तथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले रेलवे जोनों को शील्ड।
व्यक्तिगत पुरस्कार भारतीय रेल को अधिक कुशल, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल संगठन बनाने की दिशा में रेल कर्मियों के समर्पण, कड़ी मेहनत और असाधारण योगदान की सराहना और सम्मान का मंच प्रदान करते हैं। वहीं विभिन्न श्रेणियों में शील्ड पुरस्कार भारतीय रेल के समग्र प्रदर्शन में उत्कृष्ट उपलब्धियों और योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/डीएससी
