Aapka Rajasthan

10 प्रतिशत आबादी के प्लॉट और हाई पावर कमेटी की रिपोर्ट को लेकर किसानों का प्रदर्शन, प्राधिकरण तक निकाला पैदल मार्च

नोएडा, 23 नवंबर (आईएएनएस)। किसानों की लंबित मांगों का समाधान नहीं होने और मुख्यमंत्री की ओर से गठित हाई पावर कमेटी की सिफारिशें लागू नहीं किए जाने से नाराज किसानों ने सोमवार को नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ प्रदर्शन किया। भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में 150 से अधिक किसानों ने पैदल मार्च निकाला। किसान सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय पहुंचे और मुख्य गेट के सामने धरना-प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
 

नोएडा, 23 नवंबर (आईएएनएस)। किसानों की लंबित मांगों का समाधान नहीं होने और मुख्यमंत्री की ओर से गठित हाई पावर कमेटी की सिफारिशें लागू नहीं किए जाने से नाराज किसानों ने सोमवार को नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ प्रदर्शन किया। भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में 150 से अधिक किसानों ने पैदल मार्च निकाला। किसान सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय पहुंचे और मुख्य गेट के सामने धरना-प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की।

किसानों ने प्राधिकरण अधिकारियों से सवाल किया कि आखिर कब तक उन्हें आश्वासन देकर टरकाया जाता रहेगा और उनकी वर्षों पुरानी मांगों का समाधान कब होगा। प्रदर्शन को देखते हुए प्राधिकरण कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

प्रदर्शन के दौरान भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि नोएडा के किसान लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर प्राधिकरण के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री की ओर से किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए गठित हाई पावर कमेटी की सिफारिशें भी करीब दो साल बीतने के बावजूद लागू नहीं की गई हैं।

ठाकुर जयवीर सिंह की अध्यक्षता में गठित इस कमेटी ने किसानों को 10 प्रतिशत आबादी के प्लॉट देने के संबंध में सकारात्मक सिफारिश की थी, लेकिन इसके बावजूद किसानों को अब तक इसका लाभ नहीं मिल पाया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कमेटी की रिपोर्ट को अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। खलीफा ने कहा कि किसानों की सबसे प्रमुख मांग 10 प्रतिशत आबादी के प्लॉट का आवंटन है। इसके अलावा पांच और 10 प्रतिशत आबादी के प्लॉट से जुड़े कई मामले लंबे समय से लंबित हैं। किसानों को न तो उनके हिस्से के प्लॉट मिल रहे हैं और न ही आबादी से संबंधित समस्याओं का उचित तरीके से निस्तारण किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आबादी के मामलों का समाधान करने के बजाय प्राधिकरण की ओर से किसानों की मूल आबादी को ही तोड़ा जा रहा है। इससे किसानों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ कई बार बैठकें हो चुकी हैं। हर बार अधिकारियों की ओर से जल्द समाधान कराने का भरोसा दिया जाता है, लेकिन बैठकों के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

किसानों की कमर्शियल गतिविधियों से संबंधित मांगों पर भी कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसे में किसानों के सामने आंदोलन के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। खलीफा ने कहा कि किसान अपनी जमीन देकर नोएडा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं, लेकिन आज उन्हें अपने ही अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। हाई पावर कमेटी की सिफारिशें लागू नहीं होना और आबादी से जुड़े मामलों का लंबित रहना किसानों के साथ अन्याय है। किसान चाहते हैं कि प्राधिकरण उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सभी लंबित मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करे।

उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक 10 प्रतिशत आबादी के प्लॉट, पांच और 10 प्रतिशत के लंबित मामलों, मूल आबादी और कमर्शियल गतिविधियों से जुड़ी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक किसानों का विरोध जारी रहेगा।

--आईएएनएस

पीकेटी/एमएस