वाराणसी गए युवकों के अपहरण मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस टीम को 50 हजार का इनाम
बस्ती, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में अपहरण और फिरौती की घटना को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने पुलिस टीम को 50,000 रुपए इनाम देने की घोषणा की है।
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्यामाकांत ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए पूरी घटना का विवरण दिया।
उन्होंने बताया, "थाना लालगंज क्षेत्र के रहने वाले मनोज उपाध्याय ने पुलिस को सूचना दी कि उनका बेटा और बेटी गांव के एक लड़के के साथ वाराणसी घूमने गए थे। जब पिता ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो दोनों से बात नहीं हो पाई। कुछ देर बाद बेटे के फोन से कॉल आई और बताया गया कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने दो युवकों का अपहरण कर लिया है और 1.66 लाख रुपए की फिरौती मांग रहे हैं।"
एएसपी श्यामाकांत ने कहा, "लड़के ने पिता से कहा कि पैसे दे दो, नहीं तो आरोपी हमें जान से मार देंगे। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। वादी से संपर्क स्थापित कर मुकदमा दर्ज किया गया और पीड़ितों की लोकेशन ट्रेस की गई।"
उन्होंने बताया, "पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने त्वरित कार्रवाई की। टीमों ने दोनों अपहृत युवकों को सकुशल छुड़ा लिया और तीन अपहरणकर्ताओं को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है।"
एएसपी श्यामाकांत ने बताया कि इस सफलता पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने टीम को 50,000 रुपए का इनाम घोषित किया है। टीम के सभी सदस्य इस घोषणा से बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, "यह इनाम हमें और प्रोत्साहित करेगा। भविष्य में भी चुनौतीपूर्ण मामलों में हम इसी तेजी और प्रभावी ढंग से काम करेंगे।"
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
