1.5 करोड़ रुपए का 177 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से गुरुग्राम ले जाया जा रहा था
ग्रेटर नोएडा, 18 नवंबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 177 किलो 790 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक बिना बॉडी वाले ट्रक को भी कब्जे में लिया है। पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को थाना बादलपुर पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से गांजा तस्करी करने वाले आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई थी। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अम्बेडकर पार्क के सामने से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान पुत्र बसीर और आसिफ पुत्र सगीर के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना थाना क्षेत्र के गांव सांचोली के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 177 किलो 790 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा बिना बॉडी का ट्रक बरामद किया है। बरामद गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए आंकी गई है।
पुलिस की पूछताछ में तस्करी के तरीके का खुलासा हुआ है। आरोपियों ने बताया कि इरफान ट्रक का मालिक है और खुद ड्राइविंग करता है, जबकि आसिफ ट्रक में हेल्पर के रूप में काम करता है। दोनों ओडिशा राज्य से गांजा लेकर गुरुग्राम जा रहे थे। तस्करों ने पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों की नजर से बचने के लिए ट्रक में विशेष इंतजाम किया था। उन्होंने ट्रक के निचले हिस्से में टूल बॉक्स के पास एक गुप्त कैविटी बना रखी थी। इस कैविटी को इस तरह तैयार किया गया था कि वह देखने में बिल्कुल डीजल टैंक जैसी प्रतीत होती थी।
इसी गुप्त जगह में गांजे को छिपाकर रखा गया था, ताकि रास्ते में जांच के दौरान किसी को शक न हो। आरोपियों की योजना इस गांजे को ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर डिलीवर करने की थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी पूर्व में भी असम राज्य में एनडीपीएस एक्ट से संबंधित एक मामले में जेल जा चुके हैं। उनके पुराने आपराधिक इतिहास और गांजा तस्करी के नेटवर्क के संबंध में पुलिस की ओर से जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि गांजे की खेप ओडिशा में कहां से लाई गई थी और गुरुग्राम में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में थाना बादलपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
