Aapka Rajasthan

हमें कोशिश करनी चाहिए कि युद्ध को जल्द खत्म किया जा सके : सैयद पाशा

विजयवाड़ा, 25 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रमुख सैयद पाशा ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे मौजूदा तनाव को लेकर सर्वदलीय बैठक आहूत की गई है। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों को शामिल किया गया है। बैठक में प्रमुख रूप से भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) सहित अन्य राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया।
 
हमें कोशिश करनी चाहिए कि युद्ध को जल्द खत्म किया जा सके : सैयद पाशा

विजयवाड़ा, 25 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रमुख सैयद पाशा ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे मौजूदा तनाव को लेकर सर्वदलीय बैठक आहूत की गई है। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों को शामिल किया गया है। बैठक में प्रमुख रूप से भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) सहित अन्य राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया।

उन्होंने बुधवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव की वजह से कई देशों में विभिन्न प्रकार की चुनौतियां पैदा हो गई हैं। इससे हमारा देश भारत भी अछूता नहीं है। भारत में भी इसकी वजह से एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थ की किल्लत पैदा हो गई है। इससे आम लोगों को भी कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

सैयद पाशा ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रही मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों से भी संवाद स्थापित कर रहे हैं, ताकि समाधान का मार्ग प्रशस्त हो सके और प्रतिकूल स्थिति को अनुकूल बनाया जाए। मौजूदा समय में सभी देशों के राष्ट्राध्यक्ष यही चाह रहे हैं कि कैसे भी करके पश्चिम एशिया में चल रहे इस तनाव को खत्म किया जा सके, ताकि पूरी तरह शांतिपूर्ण स्थिति पैदा हो सके।

सैयद पाशा ने कहा कि प्रधानमंत्री काफी पहले ही इस बात को स्पष्ट कर चुके हैं कि युद्ध से किसी भी प्रकार का लाभ नहीं होता है। इससे हमें नुकसान ही होता है। ऐसी स्थिति में हमें युद्ध को विस्तारित करने की दिशा में किसी भी प्रकार का कदम नहीं उठाना चाहिए। हमें यह कोशिश करनी चाहिए कि युद्ध को जल्द से जल्द खत्म किया जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हम नहीं चाहते हैं कि किसी भी देश के साथ हमारे रिश्ते तनावग्रस्त रहें। हम यही चाहते हैं कि सभी देशों के साथ हमारे रिश्ते मधुर रहें। किसी भी देश के साथ हमारे रिश्तों में किसी भी प्रकार की कटुता नहीं आए। पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव को कैसे खत्म किया जाए। इसी को देखते हुए सर्वदलीय बैठक बुलाने का फैसला किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से सभी राजनीतिक दलों के विचार आमंत्रित किए जा रहे हैं, ताकि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव पर विराम लगाया जा सके।

उन्होंने कहा कि यह कहना गलत नहीं होगा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को खत्म करके वहां पर शांति स्थापित करने की दिशा में प्रधानमंत्री मोदी की ओर से उल्लेखनीय प्रयास किया जा रहा है, जिसका हमें स्वागत करना चाहिए।

--आईएएनएस

एबीएम