आईपीएल 2026: एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का रोमांच 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है। आईपीएल में आमतौर पर बल्लेबाजों का राज रहता है और इस लीग में जमकर चौके-छक्के लगते हैं। आइए आपको उन 5 बल्लेबाजों के नाम बताते हैं, जिन्होंने एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाए हैं।
क्रिस गेल: आईपीएल की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। गेल ने साल 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 66 गेंदों में 175 रनों की तूफानी पारी खेली थी। अपनी इस इनिंग के दौरान गेल ने 13 चौके और 17 छक्के लगाए थे। गेल की यह पारी आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी पारी भी है।
ब्रैंडन मैकुलम: इंडियन प्रीमियर लीग इतिहास के पहले मुकाबले में ब्रैंडन मैकुलम ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से जमकर धमाल मचाया था। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की तरफ से खेलते हुए मैकुलम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 73 गेंदों में 158 रनों की लाजवाब पारी खेली थी। अपनी इस पारी के दौरान मैकुलम ने 13 छक्के लगाए थे।
क्रिस गेल: आईपीएल 2012 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में क्रिस गेल ने 13 छक्के लगाए थे। उन्होंने 62 गेंदों में 128 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, 2015 में गेल ने किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के खिलाफ खेलते हुए 84 गेंदों में 117 रन बनाए थे और अपनी इस पारी में 12 छक्के लगाए थे।
एबी डिविलियर्स: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से खेलते हुए एबी डिविलियर्स ने आईपीएल 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ 78 गेंदों में 129 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। डिविलियर्स ने अपनी इस पारी में 12 छक्के लगाए थे। विराट कोहली के साथ मिलकर डिविलियर्स ने दूसरे विकेट के लिए रिकॉर्ड 229 रनों की साझेदारी निभाई थी।
सनत जयसूर्या: आईपीएल के पहले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सनत जयसूर्या ने 48 गेंदों में 114 रनों की शानदार पारी खेली थी। जयसूर्या ने अपनी इस पारी में 11 छक्के लगाए थे। वहीं, मुरली विजय ने आईपीएल 2010 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेली 127 रनों की पारी में भी 11 छक्के लगाए थे।
--आईएएनएस
एसएम/एएस
