नागौर में रात 9 बजे से ब्लैकआउट! पुलिस-प्रशासन अलर्ट: एसपी-एडीएम ने संभाला मोर्चा, डीएसपी रातभर गश्त पर

भारत-पाकिस्तान के बीच नागौर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस व प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है। विशेष गश्त शुरू कर दी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया कि सभी डीएसपी स्तर के अधिकारियों को रात 11 बजे तक वाहनों की लाइट बंद कर गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। ये सभी एडिशनल एसपी की निगरानी में व्यवस्था संभालेंगे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंपालाल जीनगर ने बताया कि एहतियात के तौर पर जिले में पूर्ण ब्लैकआउट की पूरी तैयारी है।
फिलहाल रात 9 बजे से सूर्योदय तक लाइट बंद रखने के नियम का सख्ती से पालन किया जा रहा है। आगामी आदेश तक रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक पूर्ण ब्लैकआउट रहेगा। जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने सभी उपखंड अधिकारियों को ब्लैकआउट का सख्ती से पालन करने के आदेश भी जारी किए हैं। एडीएम जीनगर ने बताया कि सभी फील्ड कार्मिकों को 9 मई की रात से आगामी आदेश तक मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें आदेशों की सख्ती से पालना करने को कहा गया है। तहसील व उपतहसील स्तर पर प्रभारी अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।
प्रशासन ने आम जनता की सुरक्षा के मद्देनजर योजना बनाना शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन ने आम जनता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 01582-240830 स्थापित किया है। आम जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों की सूचना तुरंत संबंधित थाने या कंट्रोल रूम को दी जाए। साथ ही आम जनता संदिग्ध गतिविधियों की सूचना भी इस हेल्पलाइन नंबर पर दे सकेगी। सभी फील्ड अफसरों को कहा गया है कि वे पूरी व्यवस्था के साथ ही फील्ड में जाएं।