Aapka Rajasthan

Kota में ब्रेकर पर बाइक से उछलकर गिरी महिला, मौत

 
Kota में ब्रेकर पर बाइक से उछलकर गिरी महिला, मौत

कोटा न्यूज़ डेस्क, कोटा शादी में शिरकत कर लौट रही महिला बाइक से उछल कर गिर गई। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर की देवली मांझी थाना इलाके की है। आज एमबीएस हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम के बाद महिला के शव को परिजनों के सुपुर्द किया। बताया जा रहा है कि रास्ते में ब्रेकर आने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया। महिला बाइक से उछल कर सड़क पर गिर गई। गनीमत रही बच्चे व पति बाल-बाल बच गए। महिला गम्भीर घायल हो गई।

पति बंटी ने बताया कि 7 मई को पत्नी गायत्री (33) व दो बच्चों के साथ मामा के लड़के की शादी में शामिल होने खानपुर के पास चिखली गांव गए थे। शनिवार को पत्नी व बच्चों के साथ वापस कोटा लौट रहे थे। बाइक पर दोनों बच्चे (10 व 6 साल) आगे बैठे हुए थे। पत्नी पीछे बैठी थी। उसके पास बड़ा बैग भी था। दोपहर डेढ़ बजे करीब सांगोद व देवलीमांझी के बीच घुमाव के यहां ब्रेकर पर बाइक स्लिप हो गई। पत्नी बाइक से नीचे गिरकर घायल हो गई। उसके सिर पर गम्भीर चोट लगी। उसे तुरंत इलाज के लिए कैथून लेकर आए। वहां से कोटा एमबीएस हॉस्पिटल रेफर किया। इलाज के दौरान पत्नी गायत्री की मौत हो गई। देवली मांझी थाना पुलिस ने बताया कि दम्पत्ति शादी में शिरकत करके वापस कोटा के कुन्हाड़ी लौट रहे थे। रास्ते में महिला बाइक से गिरकर घायल हो गई। महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।