कोटा में 15 मिनट की बारिश से मौसम ने ली करवट, तापमान गिरा, भारत-पाक तनाव के बीच मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी

कोटा में आज मौसम में अचानक बदलाव हुआ। दोपहर बाद आसमान में हल्के बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। दोपहर करीब 3 बजे हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब 15 मिनट तक चला।बारिश से मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इस बीच लोगों को गर्मी से भी राहत मिली। हालांकि हल्की धूप निकलते ही उमस ने लोगों को परेशान किया। शाम 5 बजे तक सूरज की लुकाछिपी चलती रही।
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 30 जिलों में आंधी का येलो अलर्ट जारी किया था। शुक्रवार को कोटा का अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री दर्ज किया गया।भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात और सुरक्षा कारणों से कुछ दिनों तक मौसम संबंधी जानकारी नहीं मिल पाएगी। इस संबंध में दिल्ली से मौसम विभाग के डीजे ने वीसी के जरिए सभी मौसम केंद्र प्रभारियों को दिशा-निर्देश बताए। दिशा-निर्देशों के अनुसार इन हालात में मौसम संबंधी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी।