कोटा में युवकों से गाली-गलौज करने वाला ट्रैफिक कॉन्स्टेबल सस्पेंड, जब्त गाड़ी छुड़ाने आए थे युवक; वीडियो वायरल होने पर SP का एक्शन
राजस्थान के कोटा शहर में ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम में युवकों से गाली-गलौज करने और बेल्ट उतारकर उन्हें बाहर आकर बात करने की चुनौती देने के मामले में कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की। कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बुधवार को कॉन्स्टेबल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया। मामले की जांच ट्रैफिक पुलिस के उपाधीक्षक को सौंपी गई है।
जब्त गाड़ी छुड़ाने पहुंचे थे 5 से 7 युवक
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे पांच से सात युवक अपनी जब्त की गई गाड़ी छुड़ाने के लिए ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे थे। उनके पास वाहन छुड़ाने के लिए कोर्ट का आदेश भी था। उस समय कंट्रोल रूम में कॉन्स्टेबल अभिषेक चौधरी की ड्यूटी थी।कॉन्स्टेबल ने युवकों से कहा कि अंदर केवल एक व्यक्ति ही आए और की लोग बाहर इंतजार करें। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। युवकों का कहना था कि वे पहले ही कोर्ट में पूरा दिन इंतजार कर चुके हैं और अब उन्हें फिर रुकने के लिए कहा जा रहा है।
बहस के बाद बढ़ा विवाद
कॉन्स्टेबल के मुताबिक, उन्होंने युवकों से कुछ देर इंतजार करने को कहा था, लेकिन इस दौरान एक युवक गाड़ी लेकर निकलने लगा। कॉन्स्टेबल ने बैरिकेड लगाकर वाहन को वापस खड़ा करवाया और बाकी युवकों को बाहर जाने के लिए कहा। इसके बाद विवाद और बढ़ गया।बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और गाली-गलौज हुई। स्थिति तब और बिगड़ गई, जब कॉन्स्टेबल अपनी वर्दी से बेल्ट उतारकर युवकों को बाहर आकर बात करने की चुनौती देते नजर आए। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
एसपी ने लिया एक्शन, जांच सौंपी
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया और पूरे घटनाक्रम की जांच ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक को सौंप दी।जांच में यह पता लगाया जाएगा कि विवाद किस परिस्थिति में शुरू हुआ, दोनों पक्षों की क्या भूमिका रही और ड्यूटी के दौरान कॉन्स्टेबल का व्यवहार विभागीय नियमों के अनुरूप था या नहीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी स्थिति
घटना ने पुलिसकर्मियों के व्यवहार और नागरिकों के साथ संवाद के तरीके को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच क्या-क्या हुआ, इसकी पूरी तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।फिलहाल कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
