राजस्थान के कोटा में DSP व पुलिसकर्मियों से दुकानदारों की हुई तगड़ी झड़प, नॉनवेज शॉप्स के अतिक्रमण से जुड़ा है विवाद
कोटा न्यूज़ डेस्क - कोटा में मंगलवार को लोगों ने डीएसपी से धक्का-मुक्की की। नगर निगम और पुलिस की टीम नॉनवेज की दुकानों से अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। दुकानदारों ने उनसे हाथापाई शुरू कर दी। स्थिति तब बिगड़ गई जब अतिक्रमण प्रभारी डीएसपी तरुणकांत सोमानी ने एक दुकानदार का कॉलर पकड़ लिया। इस दौरान एक अन्य युवक ने डीएसपी को धक्का दे दिया। इसके बाद अन्य दुकानदारों ने भी हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाया गया। घटना शाम 4 बजे भीमगंज मंडी थाना क्षेत्र के मस्जिद गली की है।
नगर निगम की टीम ने 2 नॉनवेज की दुकानें सीज कीं और अन्य दुकानों का चालान किया। पुलिस ने हंगामा करने वाले दो युवकों को हिरासत में ले लिया।डीएसपी तरुणकांत सोमानी ने कहा- स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग पर लगातार अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। यहां अवैध रूप से नॉनवेज की दुकानें खोली गई हैं। यहां अवैध गतिविधियां भी होती हैं। इस दौरान दो दुकानों को सीज करते हुए 15 दुकानों के 15 हजार रुपए से अधिक के चालान बनाए गए।
15 साल बाद हटाया गया अतिक्रमण
डीएसपी तरुणकांत सोमानी ने बताया- करीब 15 साल बाद रंगपुर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। दुकानदारों ने यहां स्थाई अतिक्रमण कर रखा था, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी।स्टेशन क्षेत्र में मेन बाजार, मस्जिद गली, कासिम गली में नॉनवेज दुकानदारों ने सड़क पर अतिक्रमण कर रखा था। इसे देखते हुए नगर निगम की अतिक्रमण टीम शाम 4 बजे स्टेशन क्षेत्र में पहुंची।यहां अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान अतिक्रमण हटाते समय कुछ दुकानदारों ने पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
