Aapka Rajasthan

Kota बारिश के साथ शुरू हुई मानसून पूर्व की गतिविधियां, टिन-टप्पर व होर्डिंग उड़े

 
Kota बारिश के साथ शुरू हुई मानसून पूर्व की गतिविधियां, टिन-टप्पर व होर्डिंग उड़े
कोटा न्यूज़ डेस्क, कोटा राजस्थान में शुक्रवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हाड़ौती अंचल के मौसम में बदलाव आ गया। कोटा शहर दिनभर धूल के गुबार में लिपटा रहा। उमस का जोर बना रहा। तपिश के कारण लोग बेहाल रहे। कूलर-पंखों की हवा भी बेअसर रही। नलों का पानी गर्म आता रहा। शाम ढलने के बाद मौसम बदला और बादल घिर आए। बिजली चमकी और अंधड़ के साथ तेज बारिश हुई। अंधड़ के चलते शहर में कई घरों के टिन-टप्पर उड़ गए। कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। बाजारों में जो लोग थे, वे बचाव के लिए दौड़ते नजर आए। कई लोग बारिश में भीग गए। बारिश के चलते कई लोगों ने छाते निकाल लिए। ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश का दौर आधे घंटे से भी अधिक समय तक चला। यह प्री-मानसून की पहली बरसात है। वहीं, कोटा जिले के कई गांवों व कस्बों में भी अंधड़ व बारिश का दौर चला।

प्रदेश में सबसे गर्म रात

मौसम विभाग के अनुसार, कोटा का अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 43.4 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान कोटा में रहा। यहां सामान्य से 2.1 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। आद्रर्ता 35 प्रतिशत रही। सुबह हवा की रफ्तार 7 तथा शाम को 50-60 किमी प्रति घंटे रही।

पारा 43 डिग्री पर

बूंदी जिले में शुक्रवार को दिनभर धूल का गुबार छाया रहा। शाम करीब पौने छह बजे के लगभग अचानक आसमां में बादल घिर आए और कुछ देर के लिए बूंदाबांदी हुई। इसी बीच में पांच दस मिनट धूल भरी हवा भी चली, जिससे दुकानों व घरों में धूल जम गई। अधिकतम तापमान 43 व न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहा।