Kota की नंदिनी गुप्ता मिस वर्ल्ड 2025 में 120 देशों की सुंदरियों को देंगी कांटे की टक्कर, जानिए कब और कहां होगा फिनाले ?

कोटा न्यूज़ डेस्क - देश के साथ-साथ राजस्थान की शैक्षणिक नगरी कोटा के लिए भी यह गर्व की बात है। दुनिया की सबसे बड़ी सौंदर्य प्रतियोगिता यानी 72वीं मिस वर्ल्ड 2025 भारत में होने जा रही है। इसके लिए दक्षिणी राज्य तेलंगाना को चुना गया है। जहां कोटा की नंदिनी गुप्ता दुनिया भर की 120 सुंदरियों के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कोटा की रहने वाली हैं नंदिनी गुप्ता
नंदिनी गुप्ता राजस्थान के कोटा के कैथून के भांडाहेड़ा की रहने वाली हैं। उनकी शिक्षा कोटा के सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई। इसके बाद वे उच्च शिक्षा के लिए मुंबई चली गईं, जहां उन्होंने लाला लाजपत राय कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने प्रोफेशनल करियर के लिए बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई की। स्कूल से लेकर कॉलेज तक वे कई प्रतियोगिताओं और इवेंट का हिस्सा रहीं। नंदिनी एक सफल मॉडल भी हैं। उनका लक्ष्य हमेशा से मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करना रहा है। दो साल से कर रही हैं मिस वर्ल्ड 2025 की तैयारी
नंदिनी गुप्ता भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और आधुनिकता को वैश्विक मंच पर पेश करेंगी। नंदिनी ने 2023 में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2023 का खिताब जीता था, इस प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी बुद्धिमत्ता, आत्मविश्वास और खूबसूरती से जजों को काफी प्रभावित किया था। जिसके बाद पिछले दो सालों से वह मिस वर्ल्ड 2025 के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।
7 मई से 31 मई तक चलेगी प्रतियोगिता
मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता 31 मई को तेलंगाना में आयोजित की जाएगी। 2024 में 71वीं मिस वर्ल्ड का आयोजन मुंबई के बांद्रा स्थित जियो सेंटर में किया गया था। इस साल 'मिस वर्ल्ड 2025' वैश्विक सौंदर्य प्रतियोगिता में 120 देशों की सुंदरियां हिस्सा लेने जा रही हैं। 7 मई से 31 मई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के फिनाले में मिस वर्ल्ड 2024 क्रिस्टीना पिस्ज़कोवा विजेता का ताज पहनाएंगी।