मोखमपुरा मंडल के हिंदू सम्मेलन में सामाजिक समरसता और एकता का संदेश
क्षेत्र के मोखमपुरा मंडल के तत्वावधान में बुधवार को कोहड़ी में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर सामाजिक समरसता और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सेवा भारती के जिला संयोजक रामकिशन मालव ने कहा कि समाज की मजबूती आपसी भाईचारे, सहयोग और सेवा भावना से ही संभव है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने संस्कारों और परंपराओं से जुड़े रहकर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मालव ने सेवा भारती द्वारा संचालित सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सेवा कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए, तभी सशक्त और संगठित समाज का निर्माण हो सकेगा।
सम्मेलन में वक्ताओं ने सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने, आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समरसता और संगठन से ही समाज विकास की राह पर आगे बढ़ सकता है।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं की मौजूदगी ने सम्मेलन को सफल बनाया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से किए जाते हैं। अंत में सभी ने सामाजिक एकता और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया।
