कोटा में ग्राम पंचायतों और समितियों का बड़ा प्रशासनिक बदलाव! 54 नई पंचायतें और 4 समितियां, इस दिन तक दर्ज करा सकते है आपत्ति
पंचायती राज चुनाव के तहत कोटा जिले में नई पंचायत समितियों और नई ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव तैयार कर प्रकाशित कर दिए गए हैं। प्रस्ताव के तहत 54 नई ग्राम पंचायतें और 4 नई पंचायत समितियां बनाने की तैयारी कर ली गई है। इन पर 6 मई तक आपत्तियां मांगी गई हैं। एडीएम प्रशासन मुकेश चौधरी ने बताया कि प्रस्ताव के अनुसार चेचट, कनवास, सीमल्या और खातौली नई पंचायत समितियां होंगी। नए प्रस्ताव के अनुसार अब जिले में 206 ग्राम पंचायतें और 9 पंचायत समितियां होंगी। जिले में 101 ग्राम पंचायतों का पुनर्गठन किया गया है, जबकि 51 को यथावत रखा गया है। आमजन 6 मई तक तहसील कार्यालय, विकास अधिकारी कार्यालय, उपखंड कार्यालय, कलेक्ट्रेट में आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
वर्तमान में 5 पंचायत समितियों में 152 ग्राम पंचायतें
वर्तमान में जिले में 5 पंचायत समितियां हैं। इनमें लाडपुरा, खैराबाद, सांगोद, सुल्तानपुर और इटावा पंचायत समितियां शामिल हैं। जिसमें 152 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। सांगोद और खैराबाद में 36-36 ग्राम पंचायतें, सुल्तानपुर में 31, इटावा में 30 और लाडपुरा में सबसे कम 19 ग्राम पंचायतें हैं। अब नए प्रस्ताव में 54 नई ग्राम पंचायतें और 4 पंचायत समितियां बनाई गई हैं।
लाडपुरा में सबसे ज्यादा, सुल्तानपुर में सबसे कम ग्राम पंचायतें
पंचायत समिति में ग्राम पंचायतों की संख्या देखें तो लाडपुरा पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 26 ग्राम पंचायतें होंगी, जबकि सुल्तानपुर पंचायत समिति में सबसे कम 19 ग्राम पंचायतें होंगी। नवसृजित चेचट पंचायत समिति में 25, सीमल्या में 25, कनवास में 23, खातौली में 22, जबकि पुनर्गठित इटावा पंचायत समिति में 22, सांगोद में 22, खैराबाद में 22 ग्राम पंचायतें होंगी।
चेचट पंचायत समिति की जनसंख्या सबसे अधिक
वर्ष 2011 के अनुसार नवसृजित चेचट पंचायत समिति की जनसंख्या सबसे अधिक है। यहां की जनसंख्या 1,06,496 है। जबकि सुल्तानपुर पंचायत समिति की जनसंख्या सबसे कम 64,638 है। जबकि लाडपुरा की जनसंख्या 1,04,037, खैराबाद की जनसंख्या 1,00,233, कनवास की जनसंख्या 80,939, इटावा की जनसंख्या 80,346, सीमल्या की जनसंख्या 79,793, सांगोद की जनसंख्या 76,724, खातौली की जनसंख्या 72,278 है।
ऊर्जा मंत्री के क्षेत्र में 2 नई पंचायत समितियां, शिक्षा मंत्री व कांग्रेस विधायक के क्षेत्र में 1-1
वर्तमान में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के विधानसभा क्षेत्र सांगोद में एक ही सांगोद पंचायत समिति है। नए प्रस्ताव में सांगोद में कनवास व सीमल्या नई पंचायत समितियां बनेंगी। पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी में वर्तमान में एक ही खैराबाद पंचायत समिति है। नए प्रस्ताव में रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में चेचट को नई पंचायत समिति बनाने का प्रस्ताव है। कांग्रेस विधायक चेतन पटेल के विधानसभा क्षेत्र पीपल्दा में वर्तमान में इटावा और सुल्तानपुर पंचायत समिति है। नए प्रस्ताव में खातौली को पंचायत समिति बनाया जाएगा।
