Aapka Rajasthan

Kota मोदी बोले-चंबल रिवर फ्रंट हादसे की जांच कराएंगे, आपके दरबारी कुछ भी बोल रहे

 
Kota मोदी बोले-चंबल रिवर फ्रंट हादसे की जांच कराएंगे, आपके दरबारी कुछ भी बोल रहे

कोटा न्यूज़ डेस्क, कोटा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बारां के अंता और कोटा के दशहरा मैदान में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- भाजपा की प्राथमिकता महिला सशक्तीकरण है, वहीं कांग्रेस की महिलाओं का अपमान है, महिलाओं पर अत्याचार है। यहां के मुख्यमंत्री कहते हैं कि राजस्थान की महिलाएं रेप के झूठे आरोप लगाती हैं। मैं माताओं-बहनों को पूछता हूं कि कोई बहन इस प्रकार की शिकायत करने के लिए खुले में जाए, ये संभव है क्या। ये देश की माताओं-बहनों पर राजस्थान सरकार का गंभीर आरोप है। माताओं-बहनों के संस्कार पर उन्होंने कलंक लगाने की कोशिश की है। मुख्यमंत्री के करीबी मंत्री कहते हैं कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है, इसलिए वो तो ऐसे प्रमाण पत्र दे रहे हैं, जैसे बहनों-बेटियों पर अत्याचार करना अत्याचारियों का अधिकार है। कांग्रेस के मंत्री की ये हरकत, मैं राजस्थान के नौजवानों-लोगों से पूछना चाहता हूं। क्या कोई नारी का अपमान करे, उसे कोई मर्द कहता है क्या? जो कोई नारी के सम्मान को लूटे, उसे कोई मर्द कहता है क्या? गहलोत जी ये आपके दरबारी लोग क्या बोल रहे हैं, आपकी क्या मजबूरी है। राजस्थान के मर्द तो वो हैं, जो बहन-बेटियों की इज्जत के लिए अपना सिर कटवाने के लिए मैदान में उतरते हैं। मोदी ने कहा- कांग्रेस ने चंबल रिवर फ्रंट में कैसे-कैसे घोटाले किए हैं, वो भी आपसे छिपा नहीं है। लोगों पर दबाव बनाकर कांग्रेस ने जिन घंटी को जबरन खुलवाने की कोशिश की, उसने एक गरीब मजदूर और एक इंजीनियर का जीवन छीन लिया। आज लोग खुलकर आरोप लगा रहे हैं कि गहलोत सरकार 25 नवंबर को वोटिंग वाले दिन एक घंटा खुलवाने का दबाव डाल रही थी। राजस्थान में बनने वाली भाजपा सरकार न सिर्फ हादसे की जांच कराएगी बल्कि सबको न्याय भी सुनिश्चित करेगी।

मोदी की सभा की बड़ी बातें...

1. भाया रे भाया खूब खाया, एक गांव तो पूरा ही खाया भारत की आजादी को 75 वर्ष पूरे हो गए। अब हमारे सामने विकसित भारत का लक्ष्य है। राजस्थान को विकसित बनाए बिना भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य अधूरा है। लेकिन, जब तक भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण नाम के देश के तीन दुश्मन हमारे बीच हैं, तब तक इस संकल्प का पूरा होना मुश्किल है। कांग्रेस इन तीन बुराइयों की सबसे बड़ी प्रतीक है। आजकल राजस्थान की लाल डायरी की सबसे अधिक चर्चा है। इस साल लाल डायरी के पन्ने जैसे-जैसे खुल रहे हैं, वैसे-वैसे जादूगर जी के चेहरे पर हवाइयां उड़ रही हैं। लाल डायरी में साफ-साफ लिखा है कि कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों में आपके जल, जंगल और जमीन को कैसे बेचा है। सूरसेन गोडावण अभयारण्य में क्या हुआ, ये आप मुझसे ज्यादा जानते हैं। अवैध खनन के तार किससे जुड़े हैं, ये किसी से छिपा नहीं है। मैंने कहीं पढ़ा कि कांग्रेस के विधायक ने यहां के मंत्री के लिए कहा है- 'भाया रे भाया खूब खाया। एक गांव तो पूरा ही खाया।' कांग्रेस में मंत्री हो, विधायक हो, सब बेलगाम हैं और जनता त्रस्त है।

2. दागी मंत्री और उसकी टोली को दिया करारा जवाब
कांग्रेस के इस मंत्री की एक और हरकत कल से पूरा राजस्थान और देश देख रहा है। कल एक महिला को पैसों का लालच देकर उसका वोट खरीदने की कोशिश हो रही थी। मैं उस मां, बहन को बहुत धन्यवाद करता हूं जिसने न सिर्फ पैसे लौटाए बल्कि कांग्रेस के इस दागी मंत्री और उसकी टोली को करारा जवाब दिया है। 25 नवंबर को जब वोट देने जाएंगे तो याद रखिएगा कि आपका वोट ऐसे महिला विरोधी मंत्रियों को हराने का काम भी करेगा।

3. दंगों का आरोपी सीएम के सरकारी आवास पर रेड कारपेट पर चलता है
राजस्थान में समाज विरोधी ताकतों के हौसले बुलंदी पर हैं। राजस्थान में इंसान का सरेआम गला काटा जा रहा है, जश्न मनाया जा रहा है। झालावाड़ में दलित युवकों के साथ क्या हुआ, ये भी पूरे देश ने देखा है। तीज-त्योहार के लिए मशहूर राजस्थान में राम नवमी, होली, हनुमान जयंती जैसे त्योहार दंगों की भेंट चढ़ गए। कांग्रेस सरकार में छबड़ा में क्या हुआ था, ये कोई क्या भूल सकता है क्या? इन दंगाइयों पर कड़ा एक्शन होना चाहिए था। ये जेल में होने चाहिए थे। लेकिन यहां छबड़ा दंगों का आरोपी सीएम के सरकारी आवास पर रेड कारपेट पर चलता है। दंगाइयों के साथ-साथ कांग्रेस के मंत्री, बहनों-बेटियों पर अत्याचार करने वालों के साथ भी मजबूती से खड़े रहते हैं। यहां राजस्थान में राम नवमी, हनुमान जयंती के जुलूस रोके जाते हैं, पावन त्योहारों पर कर्फ्यू लगाए जाते हैं। लेकिन पीएफआई की रैली पूरे बंदोबस्त कराई जाती है।

4. ऐसी सफाई करो कि किसी कोने में भी कांग्रेस बचनी नहीं चाहिए
अभी-अभी दिवाली गई है। हमारी माताएं-बहनें 15-16 घंटे घर में काम करती हैं। हर दिन घर को साफ-सुथरा रखती है, जब दिवाली आती है तो कोने-कोने में सफाई करती है। ये चुनाव भी दिवाली है, हम सबको मिलकर सफाई करनी है। इस बार ऐसी सफाई करो कि किसी कोने में भी कांग्रेस बचनी नहीं चाहिए। ये माताओं-बहनों से सिखोगे कुछ, तब जाकर दिवाली मनेगी।

5. कांग्रेस की झूठ का सिलेंडर और भी महंगा है
महिला सुरक्षा और महिला कल्याण भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। अपनी बहनों को धुएं से मुक्ति मिले, इसलिए आपके इस भाई ने मुफ्त गैस कनेक्शन दिए हैं। इस रक्षा बंधन पर भी हमने उज्ज्वला गैस कनेक्शन पर बड़ी राहत दी थी। अब राजस्थान भाजपा ने गैस के सिलेंडर को और भी सस्ते में देने का ऐलान किया है। कांग्रेस गैस सिलेंडर को लेकर जो झूठ राजस्थान की बहनों-बेटियों से बोल रही है, उससे आपको ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। कांग्रेस की झूठ का सिलेंडर और भी महंगा है।

6. पेट्रोल-डीजल के दामों पर जनहित में फैसला लिया जाएगा
कांग्रेस की लुटेरी सरकार जनता से किस तरह खिलवाड़ करती है, ये भी राजस्थान के लोग भली-भांति जानते हैं। कांग्रेस ने यहां बिजली बिल कम करने को कहा था, लेकिन अब गहलोत सरकार हजारों भाई-बहनों को बिजली के बिल की रिकवरी के नोटिस भेज रही है। यही कांग्रेस का दोगलापन, फरेब और झूठ का गुब्बारा है। कांग्रेस की नीतियों के कारण आज राजस्थान उन राज्यों में से एक है, जहां बेरोजगारी और महंगाई सबसे अधिक है। राजस्थान में भाजपा सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम किया था, लेकिन यहां भी कांग्रेस सरकार ने टैक्स वापस बढ़ाकर लोगों की जेब काट ली है। आज आपके पड़ोस मध्य प्रदेश, गुजरात और हरियाणा में भाजपा सरकार है, पेट्रोल सस्ता है। लेकिन राजस्थान में प्रति लीटर करीब 12 रुपए ज्यादा ये राजस्थान सरकार लूट रही है। मैं आपको गारंटी देता हूं कि 3 दिसंबर के बाद भाजपा सरकार बनते ही यहां पेट्रोल-डीजल के दामों पर जनहित में समीक्षा की जाएगी। जनहित में फैसला लिया जाएगा।

7. एक-एक लॉकर खुलेगा और लॉकर वाला लॉक में होगा
हर गरीब के आंखों में कुछ सपने होते हैं। बेहतर भविष्य की उम्मीद होती है। लेकिन, कांग्रेस के पेपर लीक माफिया ने गरीब के इन सपनों को भी चकनाचूर कर दिया है। पेपर लीक माफिया ने एक-एक पेपर लाखों में बेचा है। यहां के कर्मचारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग से भी कांग्रेस के नेताओं ने तिजोरियां भरी हैं। इससे जो काली कमाई की है, जो काला धन इकट्‌ठा किया है, वो जयपुर में लॉकरों से बाहर निकल रहा है। आजकल कांग्रेस वाले आज एक-दूसरे से मिलते हैं न, वो कहते हैं- यार छोड़ो चुनाव, ये देखों कहीं लॉकर का पता न चल जाए। उनको अब न राजस्थान की चिंता है, न खुद के चुनाव की चिंता है, कैसे भी लॉकर बचाना है। मोदी ने तय किया है एक-एक लाॅकर खुलेगा और लॉकर वाला लॉक में होगा। नोटों के ढेर और सोने की ईंटें। आपको याद होना चाहिए ये सोना आलू से बना हुआ नहीं है। यही काला सोना अब जादूगर जी को सोने नहीं दे रहा है। अभी तो यह शुरुआत है, ट्रेलर है, पूरी फिल्म अभी बाकी है। 3 दिसंबर को भाजपा सरकार बनने के बाद यह जांच और तेज होने वाली है। राजस्थान को लूटने वाला कोई भ्रष्टाचारी बच नहीं सकता है।

8. मोदी जो भी गारंटी देता है, वो पूरी होती है
मोदी जो भी गारंटी देता है, वो पूरी होकर रहती है। हमारा लक्ष्य है कि भाजपा की गरीब कल्याण की योजनाओं से कोई वंचित न रहे, इसके लिए 15 नवंबर को एक बहुत बड़ा अभियान विकसित भारत संकल्प यात्रा हमने शुरू की है। मोदी की गारंटी है कि हर गरीब के घर पक्की छत हो, सस्ती दवाई मिले, मुफ्त इलाज मिले। मुफ्त राशन की गारंटी भी मोदी ने दी है। केंद्र सरकार की जिन सुविधाओं का लाभ अब तक आपको नहीं मिला है, वो सुविधाएं देने के लिए मोदी की गारंटी वाली गाड़ी जल्द ही आपके इलाके में भी आ रही है।

9. आदिवासियों के लिए खोल दिया खजाना
सहरिया समाज सहित सभी आदिवासी भाई-बहनों के लिए मोदी ने सरकार का खजाना खोल दिया है। 15 नवंबर को पीएम जन मन महायोजना शुरू की है। इस योजना पर केंद्र की भाजपा सरकार 24 हजार करोड़ रुपए खर्च करने जा रही है। आदिवासी समाज में सिकल सेल, एनीमिया की बीमारी दूर करने के लिए भी राष्ट्रीय अभियान शुरू किया है। आदिवासी बच्चों के लिए भाजपा की केंद्र सरकार ने 30 से ज्यादा एकलव्य स्कूल खोले हैं। किसान कल्याण भाजपा की प्राथमिकताओं में से एक है। झालावाड़ के संतरे पूरे देश में प्रसिद्ध है। बारां के लहसुन का तड़का देश-विदेश तक पहुंचे, हम इसके लिए प्रयास कर रहे हैं। राजस्थान भाजपा ने यह भी तय किया है कि सरकार बनने के बाद पीएम सम्मान किसान निधि की राशि भी 12 हजार की जाएगी।

10. जादूगर कितना भी काला जादू कर ले, कांग्रेस हो जाएगी छूमंतर
राजस्थान में कांग्रेस सरकार का काउंटडान शुरू हो चुका है। यहां पर जादूगर दुनियाभर के जादू कर ले, काला जादू कर ले, जो भी कमाल करना है कर ले, लेकिन राजस्थान की जनता के जादू के सामने इस जादूगर की कोई ताकत नहीं चल सकती। जादूगर के देखते-देखते ही तीन दिसंबर को कांग्रेस छूमंतर हो जाएगी।

11. बच्चे कह रहे हैं- गहलोत जी कोनी मिले वोट जी
कांग्रेस की जनता ने राजस्थान को लुटेरों, दंगाइयों, अत्याचारियों, अपराधियों के हवाले कर दिया है। मैं हैरान हूं कि इस चुनाव का प्रभाव बच्चों के मन पर देख रहा हूं। मुझे कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर बच्चों के वीडियो भेजे हैं। वीडियो में ये बच्चे कह रहे हैं- गहलोत जी कोनी मिले वोट जी। ये साफ बता रहा है कि बच्चे भी अपना भविष्य कांग्रेस के हाथ में सुरक्षित नहीं देख रहे हैं।

12. तुष्टीकरण की गुलाम कांग्रेस सरकार आतंक परस्तों से डरती है
यहां हम लोग बड़े गौरव के साथ कहते हैं दाल, बाटी, चूरमा, हाड़ौती के सूरमा। लेकिन सूरमाओं की इस धरा को कांग्रेस ने दंगाइयों का खुला मैदान बना दिया है। पीएफआई एक आतंकी संगठन है, भारत सरकार ने इस पर बैन लगा रखा है, लेकिन कोटा में पीएफआई की रैली निकली है, जुलूस निकलता है। कांग्रेस सरकार सोई पड़ी है। तुष्टीकरण की गुलाम कांग्रेस सरकार आतंक परस्तों से डरती है और राजस्थान का भला चाहने वालों पर कार्रवाई करती है। जिनको मान-सम्मान देना चाहिए।