Kota शादी के 3 साल बाद विवाहिता ने की आत्महत्या, मामला दर्ज

कोटा न्यूज़ डेस्क, शहर के नांता इलाके में विवाहिता के सुसाइड का मामला सामने आया है। विवाहिता ने घर में फांसी लगा ली। पता लगने पर ससुराल वाले उसे नीचे उतारकर हॉस्पिटल लाए। ड्यूटी डॉक्टर ने चैक कर विवाहिता को मृत घोषित किया। विवाहिता के मायके वालों ने परेशान करने व मारपीट करने के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। विवाहिता धापू बाई (19) झालावाड़ जिले के मनोहरथाना क्षेत्र इलाके की रहने वाली थी। तीन साल पहले राजगढ़ एमपी निवासी पवन नाम के युवक से उसकी शादी हुई थी। पवन ऑटो चलाता था। फिलहाल मजदूरी करता है। पिता सरदार ने बताया कि कोरोना काल के समय बेटी धापू की शादी की थी। शादी के बाद से ही धापू का पति पवन व सास ससुर उसे परेशान करते थे। धापू ने कई बार फोन पर बातचीत में परेशान करने की बात बताई थी। ससुराल वालों ने शनिवार शाम 5-6 बजे करीब बेटी को फांसी पर लटका दिया।
मामा भगवान ने बताया धापू ने दो दिन पहले फोन पर बात की थी। धापू ने बताया था कि उसके ससुराल वाले दूसरी औरत लाने की बात कर रहे थे। धापू का पति शराब के नशे में उससे मारपीट करता था। धापू कई दिनों से परेशान थी। घटना वाले दिन ससुराल के सभी सदस्य घर पर मौजूद थे। जो धापू को फांसी के फंदे से उतारकर हॉस्पिटल लाए। हमें तो पुलिस वालों ने फोन पर सूचना दी। नांता थाना ASI दुर्गा लाल ने बताया कि घटना मोहनलाल सुखाड़िया A ब्लॉक की है। महिला अपने ससुराल में रह रही थी। महिला ने घर में फांसी लगा ली। मायके वालों ने परेशान करने व मारने के आरोप लगाए है। जिसकी जांच की जा रही है।शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।