Income Tax Raid में खुला जमीन में दबे काले खजाने का राज़, विभाग के हाथ लगा बड़ा सुराग
जयपुर और कोटा में प्रॉपर्टी और तंबाकू कारोबारियों के खिलाफ आयकर टीम की कार्रवाई जारी है। आज (4 सितंबर) कार्रवाई के तीसरे दिन आयकर टीम ने फर्श के नीचे दबी एक तिजोरी बरामद की है। इस तिजोरी से करोड़ों रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। आयकर टीम ने मंगलवार को गोविंद कृपा, हाई फ्लाई, बीआरबी डेवलपर, चेतन एजेंसी और अग्रवाल ट्रेडर के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी, जो अभी भी जारी है। जयपुर और कोटा में करीब 28 ठिकानों पर कार्रवाई चल रही है।
करोड़ों के लेन-देन का होगा खुलासा!
इसके अलावा, आयकर टीम को तंबाकू कारोबारी के यहां एक गोदाम भी मिला है। इस गोदाम से करोड़ों रुपये का तंबाकू-पान, मसाला और गुटखा बरामद हुआ है। यहां से बिना बिलिंग के गुटखा अवैध रूप से पूरे प्रदेश में सप्लाई किया जा रहा था। आईटी टीम को एक क्लाउड सर्वर भी मिला है, जिसमें 500 करोड़ रुपये से ज्यादा के लेन-देन का खुलासा हो सकता है।
तिजोरी में करोड़ों रुपये की नकदी मिलने की संभावना
माना जा रहा है कि इस तिजोरी में करोड़ों रुपये का सोना, चांदी और नकदी भी मिली है। इन नोटों की गिनती अभी जारी है। माना जा रहा है कि यह अभियान कुछ और दिनों तक जारी रहेगा। इस पूरे अभियान में 500 करोड़ रुपये से ज़्यादा का कालाधन उजागर होने की संभावना है।
