Aapka Rajasthan

कोटा में 90 लाख की सोने की लूट का पर्दाफाश! पुलिस ने दबोचे 10 आरोपी, ऐसे बनी थी लूट की प्लानिंग

 
कोटा में 90 लाख की सोने की लूट का पर्दाफाश! पुलिस ने दबोचे 10 आरोपी, ऐसे बनी थी लूट की प्लानिंग

कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चाकू की नोंक पर ज्वैलर्स के कर्मचारी से 90 लाख रुपए कीमत का 900 ग्राम सोना व स्कूटी लूटने के मामले को पुलिस ने 90 घंटे में सुलझा लिया है। पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया है।सिटी एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि 2 जुलाई को कर्मचारी महेंद्र कुमार निवासी सकतपुरा, थाना कुन्हाड़ी ने रिपोर्ट दी थी कि वह अपने सेठ कुलदीप सोनी के निर्देश पर स्वर्ण रजत मार्केट से करीब 900 ग्राम सोने की चूड़ियां व अंगूठियां लेकर स्कूटी पर लौट रहा था।

जब वह मोहन टॉकीज रोड स्थित राधिका पैलेस के पास पहुंचा तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवकों ने उसकी स्कूटी रुकवाई, उसके साथ मारपीट की और चाकू की नोंक पर स्कूटी व ज्वैलरी लूटकर फरार हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने क्षेत्र में लगे 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपराधियों का पता लगाने के लिए संदिग्ध मोटरसाइकिलों की पहचान की।

मध्य प्रदेश, जयपुर और चित्तौड़गढ़ तक जांच का दायरा बढ़ाया गया

एडिशनल एसपी सैनी ने बताया कि पुलिस की टीमें जयपुर, चित्तौड़गढ़, बूंदी, उज्जैन (मप्र) समेत विभिन्न स्थानों पर भेजी गईं। वहां से हर्षित सोनी, शिवकुमार सोनी, हरिओम उर्फ ​​नंदू, आकाश वैष्णव, राजन, विष्णु सिंह, तरुण सिंह, प्रदीप केवट, करण मुलानी, बनवारीलाल को गिरफ्तार किया गया और एक किशोर को निरुद्ध किया गया। सभी आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ पूर्व में विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम
डीएसपी लोकेंद्र पालीवाल ने बताया कि मुख्य आरोपी हरिओम, आकाश और हर्षित ने अपनी ऐशो-आराम और शौक पूरे करने के लिए लूट की साजिश रची। हर्षित पहले सोने-चांदी के बाजार में काम कर चुका था, जिसके चलते उसे ज्वैलर्स के काम और कर्मचारियों की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। साजिश के तहत उसने अपने साथी आकाश को फर्जी ग्राहक बनाकर बाजार में भेजा। जैसे ही कर्मचारी महेंद्र आभूषण लेकर लौटने लगा, तभी पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और चाकू दिखाकर धमकाया तथा स्कूटर समेत आभूषण लूटकर फरार हो गए।