Aapka Rajasthan

NEET UG री-एग्जाम को लेकर बड़ा अपडेट: 21 जून को होगी परीक्षा, NTA ने जारी की एग्जाम सिटी स्लिप

 
NEET UG री-एग्जाम को लेकर बड़ा अपडेट: 21 जून को होगी परीक्षा, NTA ने जारी की एग्जाम सिटी स्लिप

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG के री-एग्जाम का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली री-नीट परीक्षा के लिए एडवांस इंटीमेशन ऑफ एग्जामिनेशन सिटी जारी कर दी है। इसके साथ ही देशभर के करीब 22.57 लाख अभ्यर्थियों का लंबा इंतजार समाप्त हो गया है।

एनटीए की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी परीक्षा सिटी की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे छात्रों को परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी पहले से मिल जाएगी, जिससे यात्रा और अन्य व्यवस्थाएं करने में आसानी होगी।

एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि एनटीए ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि एडमिट कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं से अपडेट रह सकें।

उन्होंने बताया कि एग्जाम सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड दोनों अलग-अलग दस्तावेज होते हैं। एग्जाम सिटी स्लिप में केवल परीक्षा शहर की जानकारी दी जाती है, जबकि एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र का पूरा पता, रिपोर्टिंग समय और अन्य जरूरी निर्देश शामिल होते हैं।

री-एग्जाम को लेकर छात्रों और अभिभावकों में लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई थी। अब परीक्षा तिथि और एग्जाम सिटी की जानकारी जारी होने के बाद उम्मीदवार अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा से पहले छात्रों को अपनी तैयारी के साथ-साथ जरूरी दस्तावेजों की भी जांच कर लेनी चाहिए। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ ले जाना अनिवार्य होगा।

फिलहाल, 21 जून को होने वाली NEET UG री-एग्जाम की तैयारियां तेज हो गई हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल एनटीए की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें। अब लाखों छात्रों की नजरें एडमिट कार्ड जारी होने और परीक्षा के सफल आयोजन पर टिकी हुई हैं।