मोखमपुरा मंडल के तत्वावधान में कोहड़ी में हिंदू सम्मेलन आयोजित, बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालु और युवा
क्षेत्र के मोखमपुरा मंडल की ओर से बुधवार को कोहड़ी में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक मूल्यों और सेवा भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में सेवा भारती के जिला संयोजक रामकिशन मालव ने संबोधित करते हुए कहा कि समाज की मजबूती आपसी सहयोग, संस्कारों और सेवा कार्यों से ही संभव है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जुड़कर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने सेवा भारती द्वारा संचालित विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। समाज के हर वर्ग को इन कार्यों से जुड़कर योगदान देना चाहिए।
सम्मेलन में अन्य वक्ताओं ने भी हिंदू समाज की एकता, संगठन और जागरूकता पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों को खत्म कर आपसी भाईचारे और सद्भाव को बढ़ाना समय की जरूरत है।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी देखने को मिली।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे सम्मेलन समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित किए जाते हैं। अंत में सभी ने समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
