Aapka Rajasthan

Karoli जिला अस्पताल में हांफ रही एक्स-रे मशीनें, बार-बार हो रही खराब

 
Karoli जिला अस्पताल में हांफ रही एक्स-रे मशीनें, बार-बार हो रही खराब

करौली न्यूज़ डेस्क, यहां जिला चिकित्सालय में वर्षों पुरानी एक्स-रे मशीनें अब हांफने लगी हैं। करीब दो दशक पुरानी हो चुकी एक्स-रे मशीन चलते-चलते कब बंद हो जाए कहा नहीं जा सकता। यह स्थिति आए दिन की बनी हुई है। असल में मशीनों में तकनीकी खराबी आ चुकी है, जिन्हें बार-बार दुरुस्त कराया जा रहा है, लेकिन वे सुचारू रूप से नहीं चल पा रही। ऐसे में रोगी परेशान हैं। एक्स-रे मशीन के आए दिन खराब रहने से रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जिला चिकित्सालय में नई एक्स-रे मशीनों की दरकार बनी हुई है। चिकित्सालय प्रशासन सूत्रों का भी कहना है कि एक्स-रे मशीनें काफी पुरानी हो चुकी हैं। ऐसे में नई एक्स-रे मशीन के लिए प्रयास कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार यहां जिला चिकित्सालय के एक्स-रे कक्ष में दो एक्स-रे मशीनें लगी हुई हैं। चिकित्सालय सूत्रों के अनुसार इनमें से एक मशीन 2003 में स्थापित की गई थी, जिसकी क्षमता 300 एमए की है। जबकि दूसरी मशीन 2007 में स्थापित हुई थी। इस मशीन की क्षमता 500 एमए की है। यानि एक मशीन को लगभग 21 वर्ष का लबा अरसा हो चुका है तो दूसरी को करीब 17 वर्ष बीत चुके हैं।

प्रतिदिन होते 125 से 150 तक एक्स-रे

चिकित्सालय सूत्र बताते हैं कि चिकित्सालय में प्रतिदिन लगभग 125 से 150 तक एक्सरे हो जाते हैं। मौसमी बीमारियों के दौर में एक्सरों की संया बढ़ जाती है। हालांकि सर्दी के मौसम में एक्सरे की संया में कमी आती है। गौरतलब है कि करौली के जिला चिकित्सालय में शहर के रोगियों के अलावा जिले के विभिन्न स्थानों, पड़ौसी धौलपुर जिले के बाड़ी, सरमथुरा तक के रोगी यहां आते हैं। इसके अलावा गंगापुरसिटी क्षेत्र के भी कई रोगी यहां उपचार के लिए आते हैं। जिसके चलते अस्पताल में रोगियों की संया भी अधिक रहती है।