देशभर में महंगे गैस सिलेंडरों को लेकर छलका महिलाओं का दर्द, बोली - 'अब लगता है लकड़ी इकट्ठा करना पड़ेगा'
एलपीजी गैस और घरेलू सिलेंडर के दामों में 50 रुपये की बढ़ोतरी से आम आदमी को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। इस बार उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लाभार्थियों ने भी इसका सीधा असर महसूस किया है। 7 अप्रैल की रात 12:00 बजे के बाद देशभर में घरेलू सिलेंडर और उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले सिलेंडर के दामों में 50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। इस बढ़ोतरी से आम लोगों खासकर मजदूर वर्ग और घरेलू महिलाओं की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। घरेलू सिलेंडर के दाम एक साथ 50 रुपये बढ़ाए जाने के बाद लोकल 18 ने सिलेंडर के बढ़ते दामों पर महिलाओं और मध्यम वर्ग के लोगों की राय जानी है। अब चूल्हे पर पकाना पड़ेगा खाना करौली की मजदूर महिला गीता देवी ने कहा, सिलेंडर के दाम में एक साथ 50 रुपये की बढ़ोतरी का सीधा असर हम जैसे गरीब लोगों पर पड़ेगा। पहले से ही महीने में एक बार सिलेंडर भरवाना मुश्किल था। गैस पहले से ही महंगी है, इसलिए आधा खाना चूल्हे पर और आधा गैस पर पकाते थे। अब मजबूरी में पूरा खाना चूल्हे पर ही पकाना पड़ेगा।
रसोई का बजट फिर गड़बड़ाया
मध्यम वर्ग की महिला रेखा गोयनका ने कहा कि बड़ी मुश्किल से महिलाओं ने रसोई छोड़कर गैस का सहारा लिया था। लेकिन अब सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी होने से रसोई का बजट पूरी तरह गड़बड़ा जाएगा। मध्यम वर्ग की महिलाओं के लिए यह बहुत दुखद है। अगर गैस के दाम इसी तरह बढ़ते रहे तो हमें फिर से लकड़ियां इकट्ठी करके चूल्हे पर खाना बनाना पड़ेगा।
एलपीजी गैस पहले से ही महंगी थी
खुदरा व्यापारी सत्यनारायण शर्मा ने कहा, एलपीजी गैस पहले से ही महंगी थी। अब सरकार ने इसमें 50 रुपये और बढ़ा दिए हैं। इससे आम आदमी पर महंगाई का बोझ और बढ़ जाएगा। गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने आए विक्की पाराशर ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम गिर रहे हैं तो सरकार एलपीजी के दाम क्यों बढ़ा रही है। घरेलू सिलेंडर पर सीधे 50 रुपए की बढ़ोतरी आम आदमी के लिए बड़ा झटका है। हम सरकार से मांग करते हैं कि इस बढ़ोतरी को वापस लिया जाए और आम लोगों को राहत दी जाए।
करौली में घरेलू सिलेंडर 870 रुपए हुआ
एचपी गैस एजेंसी के डीलर अमित जैन के अनुसार कल रात 12 बजे के बाद सिलेंडर पर 50 रुपए की बढ़ोतरी के बाद करौली में घरेलू गैस सिलेंडर और उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले सिलेंडर की कीमत 820 रुपए से बढ़कर 870 रुपए हो गई है। वहीं, करौली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1824 रुपए है।
