Aapka Rajasthan

करौली में जमीन गिरवी रखकर नौकरी लगवाने के बाद पत्नी ने पति को दिया तलाक, CBI जांच में हुआ सनसनीखेज खुलासा

 
करौली में जमीन गिरवी रखकर नौकरी लगवाने के बाद पत्नी ने पति को दिया तलाक, CBI जांच में हुआ सनसनीखेज खुलासा 

करौली न्यूज़ डेस्क - ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिसमें पति ने पत्नी की नौकरी लगवा दी, लेकिन पत्नी ने उसे धोखा देकर छोड़ दिया। लेकिन अब एक नया मामला सामने आया है, जिसमें पति ने धोखा देने वाली पत्नी को सलाखों के पीछे पहुंचाने का इंतजाम कर लिया है। ऐसा ही एक मामला राजस्थान के करौली जिले में सामने आया है। जहां पत्नी की बेवफाई के चलते रेलवे में फर्जी भर्ती का खुलासा हुआ है। पत्नी की बेवफाई के बाद पति ने रेलवे बोर्ड से न्याय की गुहार लगाई और बताया कि उसकी पत्नी फर्जीवाड़ा करके रेलवे भर्ती में पास हुई है। ऐसे में रेलवे ने भी इस पर संज्ञान लिया और मामले की जांच सीबीआई को दी गई।

नौकरी मिलते ही पत्नी ने तलाक के लिए अर्जी लगा दी
करौली के गांव रोजी निवासी मनीष मीना ने पत्नी सपना मीना को रेलवे में नौकरी लगवाने के लिए अपनी जमीन गिरवी रखकर 15 लाख रुपये का लोन लिया। सपना को रेलवे में पॉइंट्समैन की नौकरी मिल गई। लेकिन कुछ महीनों बाद ही उसने अपने पति को बेरोजगार बताकर छोड़ दिया और तलाक के लिए आवेदन कर दिया। प्यार में मिले इस धोखे से आहत मनीष ने पूरे मामले को उजागर करने का फैसला किया और रेलवे विजिलेंस और सीबीआई को शिकायत भेजी।

पति ने बताई पूरी कहानी
मनीष मीना ने बताया कि 22 जनवरी 2022 को मेरी शादी पूरणमल मीना की बेटी सपना मीना से हुई। सपना ने मुझसे कहा कि वह पढ़ना चाहती है, इसलिए मैं उसे कोटा ले गया और कोचिंग भी करवाई। इसी दौरान सपना ने मुझे बताया कि मेरे चाचा चेतराम कोटा वर्कशॉप में काम करते हैं। उनका एक परिचित है जो रेलवे में नौकरी लगवाता है। उसने मुझसे कहा कि वह नौकरी लगवा देगा। सपना ने मुझसे कहा कि तुम लोन लेकर पैसे चुका दोगे। हालांकि मैंने कहा कि जब कोचिंग करवा ली है तो पैसे देने की बजाय पढ़ाई करके नौकरी कर लूंगा। क्योंकि नौकरी के लिए 15 लाख रुपए की डिमांड रखी गई थी, जिसे मैंने मना कर दिया। लेकिन सपना ने नौकरी लगवाने की गारंटी ली और मुझे राजी करने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद चेतराम ने मुझे एजेंट राजेंद्र से मिलवाया तो उसने कहा कि मनीष कोई दिक्कत नहीं है। इसलिए मैंने अपनी जमीन गिरवी रखकर 15 लाख रुपए का लोन ले लिया।

सीबीआई जांच में सामने आई सच्चाई
सीबीआई ने जब मामले की जांच शुरू की तो चौंकाने वाला सच सामने आया। पता चला कि सपना मीना ने अपनी जगह किसी और को परीक्षा में बैठाकर फर्जीवाड़ा करके नौकरी हासिल की थी। जांच के दौरान करौली, कोटा और अलवर में छापेमारी की गई, जहां कई दस्तावेज जब्त किए गए। जानकारी के मुताबिक सीबीआई जांच में साबित हो गया है कि सपना ने रेलवे की नौकरी के लिए डमी कैंडिडेट लक्ष्मी मीना का इस्तेमाल किया था। इसका खुलासा होते ही रेलवे विभाग ने सपना को सस्पेंड कर दिया। साथ ही सीबीआई ने सपना और लक्ष्मी मीना दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश की पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य के केस से मिलता-जुलता है, जिसमें प्यार में धोखा खाने के बाद पति ने अपनी पत्नी की करतूत उजागर की थी।