Aapka Rajasthan

Karoli के पांचना बांध का जलस्तर फिर बढ़ा, उठने लगीं लहरें

 
Karoli के पांचना बांध का जलस्तर फिर बढ़ा, उठने लगीं लहरें

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली  जिले के सबसे बड़ा पांचना बांध का गेज (जलस्तर) एक बार फिर बढ़ गया है। पिछले दिनों से बांध में पानी की आवक हो रही है, जिसके चलते रविवार सुबह बांध का गेज 258.30 मीटर पर पहुंच गया। इससे बांध में एक बार फिर हिलोरें उठने लगी हैं।जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि पांचना बांध में पिछले दो-तीन दिन से पानी की आवक हो रही है। इससे बांध का गेज अब 258.30 मीटर पर पहुंच गया है। विभागीय अभियंता बांध पर नजर बनाए हुए हैं। गौरतलब है कि बांध की कुल भराव क्षमता 258.62 मीटर है। एक सप्ताह पहले बांध के गेट बंद हुए थे, उस दौरान बांध का गेज 257.90 मीटर पर था, जो अब 258.30 मीटर पर पहुंच गया है। यानि गेट बंद होने के बाद से अब तक बांध में 40 सेंटीमीटर पानी की आवक हुई है।

इस बार मानसून की खूब मेहरबानी रही है। पांचना बांध में रेकॉर्ड पानी की आवक हुई है। भारी पानी की आवक के कारण पांचना बांध के गेट खोलकर लगातार पानी की निकासी करनी पड़ी थी। लगभग डेढ़ माह तक बांध से गंभीर नदी में पानी निकाला गया। इस मानसून सीजन में अब तक बांध से 8180 एमसीएफटी पानी की निकासी हो चुकी है। इस पानी से पांचना बांध लगभग चार बार भर जाता। इस मानसून सीजन में बांध के गेट पहली बार 1 अगस्त को खोले गए, जो पांच अगस्त को बंद हुए। इसके बाद पानी की आवक बढ़ने पर 8 अगस्त को फिर गेट खोलकर पानी निकासी की गई, जो अनवरत रूप से 15 सितम्बर तक जारी रही। पानी आवक थमने पर 15 सितम्बर को बांध के गेट बंद कर दिए गए है। उस समय बांध का गेज 257.90 मीटर पर था। इसके बाद क्षेत्र में बारिश का दौर भी थम गया, लेकिन बांध के कैचमेंट एरिया में छुटपुट बारिश और पहाड़ी झरनों से पानी आने से बांध में पानी की आवक हो रही है और अब बांध का गेज 258.30 मीटर पर पहुंच गया है।