Karoli पांचना बांध से आए पानी से गंभीर नदी में आई लहरें, किसान खुश
गत दिनों हुई अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिले गए। पांचना बांध से तीन गेट खोलकर की गई जल निकासी के बाद गंभीर नदी में जल प्रवाह आ गया। सूखे पेटे में बहता पानी आधा दर्जन एनीकटों को लबालब करता हुआ आगे बढ़ा। कटकड़ कॉजवे, सनेट, दानालपुर, लपावली, महूइब्राहिमपुर होते हुए निकला। क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहने पर एक-दो बार बांध से और जल निकासी हुई जो गंभीर नदी में महीनों तक पानी की हिलोर नजर आएंगी। एनीकटों से दूर तक नदी पेटे में उठती जल तरंगों की खुशी ग्रामीणों और किसानों के चेहरों से बयां हो रही है। कल तक जो नदी सूखी पड़ी थी, डांग क्षेत्र में अच्छी बारिश से पांचना बांध से जल निकासी से जीवंत हो गई है। ग्रामीणों की मानें तो गंभीर नदी में पानी आने से नदी तट के गांवों के भूजल स्तर बढ़ेगा। बुजुर्गों का कहना है कि नदी क्षेत्र के लिए वरदान है। इसमें जल प्रवाहित होने पर पेयजल संकट से राहत मिलने के साथ खूब पैदावार होने से किसान खुशहाल होता है।
झमाझम बरसात का दौर जारी
करौली जिले में अगस्त की शुरुआत से ही झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। जिसमें महावीरजी क्षेत्र में पानी की अच्छी आवक हो रही है। खेत लबालब हो चुके हैं। इसके अलावा बांधों व जलस्रोतों में पानी की अच्छी आवक हो रही है। इधर गर्मी से निजात मिलने लगी है। तापमान में कमी आई है।
