Karoli में दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली के मासलपुर तहसील के सकलूपुरा गांव निवासी ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन कर एसपी को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने गांव के दबंगों पर आबादी क्षेत्र में खनन करने, डेटोनेटर लगाकर ब्लास्ट करने, श्मशान जाने वाले रास्ते और खेल मैदान को भी अवरुद्ध करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
सकलपुर गांव के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव का एक दबंग आबादी क्षेत्र में खनन कार्य करता है। जिससे आबादी क्षेत्र में घरों पर खतरा मंडराता रहता है। साथ ही खनन से होने वाले प्रदूषण से भी ग्रामीणों को परेशानी होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि दबंग लोग खनन करने के लिए डेटोनेटर लगाकर ब्लास्ट करते हैं। जिससे पत्थर उड़कर घरों पर गिरते हैं। पत्थरों के टुकड़े घरों पर गिरने से क्षेत्रवासियों के चोटिल होने का हमेशा खतरा बना रहता है। आरोपी से शिकायत करने पर धमकियां मिलती हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि श्मशान, कुआं के लिए जाने वाले रास्ते को अवरुद्ध कर दिया और खेल मैदान के भी अस्त व्यस्त कर दिया। जिससे लोगों को श्मशान जाने के लिए और पीने का पानी लाने के लिए भी परेशान होना पड़ता है। विरोध करने पर आरोपी पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
