केन्द्रीय मंत्री Nitin Gadkari ने राजस्थान को दिया 963 करोड़ का तोहफा, इन दो शहरों में बाईपास के साथ बनेगा नया नेशनल हाईवे
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने राजस्थान को बड़ी खुशखबरी दी है। गडकरी ने शुक्रवार को राजस्थान में नई सड़कों के निर्माण की घोषणा की है। ये सड़कें पूर्वी राजस्थान के करौली जिले के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट कर इसकी घोषणा की।
करौली में बनेगा 34 किलोमीटर लंबा हाईवे
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान में नेशनल हाईवे-23 पर 963.37 करोड़ रुपये की लागत से 2 लेन गंगापुर बाईपास और करौली बाईपास (कुल लंबाई: 33.48 किलोमीटर) पेव्ड शोल्डर के साथ निर्माण को मंजूरी मिल गई है।उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे-23 जयपुर जिले के कोथून में नेशनल हाईवे-52 के जंक्शन से शुरू होकर राजस्थान के धौलपुर जिले के पास खत्म होता है। घनी आबादी वाले इलाकों और कम मोड़ों से बचने के लिए गंगापुर सिटी और करौली के बाईपास प्रस्तावित किए गए हैं। गडकरी ने बताया कि इस परियोजना से दोनों शहरों में भीड़भाड़ कम करने में मदद मिलेगी। इससे यातायात का सुचारू, सुरक्षित प्रवाह सुनिश्चित होगा और यात्रा समय में भी पर्याप्त कमी आएगी।
सीएम भजनलाल ने जताया आभार
इसके बाद राजस्थान के सीएम भजनलाल ने केंद्रीय मंत्री गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'उत्कृष्ट कनेक्टिविटी-विकसित भारत' के संकल्प के अनुरूप वे इस स्वागत योग्य उपहार के लिए माननीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति हृदय से आभारी और कृतज्ञ हैं।
हाल ही में मिली करोड़ों की सौगात
आपको बता दें कि इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने राजस्थान में राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण और चौड़ीकरण के लिए 6621 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। इसके बाद डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। और राजस्थान की आर्थिक गतिविधियों में भी सुधार आएगा। साथ ही इस प्रकार के निवेश से राज्य में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
