Aapka Rajasthan

Karoli स्कॉर्पियो की टक्कर से दो भाइयों की मौत, आरोपी ड्राइवर फरार

 
Karoli स्कॉर्पियो की टक्कर से दो भाइयों की मौत, आरोपी ड्राइवर फरार

करौली न्यूज़ डेस्क, महवा मार्ग पर बुधवार शाम को क्यारदा स्थित मुंडरी मोड़ के पास हुए एक सड़क हादसे में स्कॉर्पियो की टक्कर से दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। खिरखियान का पुरा निवासी इंद्रजीत जाटव (26) पुत्र भगवान सिंह की जयपुर ले जाते वक्त दौसा के पास मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक सचिन जाटव (22) पुत्र सोहनलाल ने जिला अस्पताल में रेफर किए जाने से पहले ही दम तोड़ दिया। दोनों युवक चचेरे भाई थे।

पुलिस ने किया पोस्टमॉर्टम, मामला दर्ज

नई मंडी थाना पुलिस ने गुरुवार सुबह जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखे दोनों युवकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया। सचिन के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए स्कॉर्पियो चालक पर तेज गति और लापरवाही से टक्कर मारने का आरोप लगाया। महू इब्राहिमपुर चौकी प्रभारी प्रेम सिंह ने बताया कि बुधवार शाम को महवा मार्ग स्थित श्यामपुर मुंडरी मोड़ के पास हिंडौन से खिरखियान का पुरा की ओर जा रहे इन दोनों युवकों की बाइक को जयपुर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी थी।

मोबाइल क्षतिग्रस्त, पुलिस ने सिम निकाल कर की पहचान

हादसे के बाद हेड कॉन्स्टेबल जितेंद्र कुमार और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को दोनों घायलों के मोबाइल फोन दुर्घटना में क्षतिग्रस्त मिले, जिसके बाद उनके सिम कार्ड निकालकर अन्य मोबाइल में डालकर उनके परिजनों से संपर्क किया गया। सबसे पहले इंद्रजीत की पहचान हुई, जिसके बाद उनके परिजन अस्पताल पहुंचे और उन्हें जयपुर एसएमएस अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया।

चचेरे भाई थे इंद्रजीत और सचिन

सचिन जाटव और इंद्रजीत जाटव दोनों चचेरे भाई थे। परिजनों ने बताया कि इंद्रजीत उदयपुर में एक बैंक में फील्ड वर्क का कार्य कर रहा था और नवरात्रि से तीन दिन पहले छुट्टी लेकर गांव आया हुआ था। बुधवार को शाम करीब 4 बजे दोनों भाई घरेलू सामान खरीदने बाइक से निकले थे, जिसके बाद उन्हें दुर्घटना की सूचना मिली। इंद्रजीत विवाहित था और उसके एक 4 वर्षीय पुत्र दिवेश और 8 महीने की पुत्री है।