Aapka Rajasthan

Karoli स्कूल के प्रवेश द्वार पर लगा ट्रांसफार्मर, हादसों का खतरा

 
Karoli स्कूल के प्रवेश द्वार पर लगा ट्रांसफार्मर, हादसों का खतरा

करौली न्यूज़ डेस्क, ब्लॉक में शिक्षा के मंदिर बदहाल हैं। कहीं पट्टियां गिर रही हैं तो कहीं प्लास्टर झड़ रहा है। कहीं झूलते तारों से खतरा बना हुआ है तो स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल के प्रवेश द्वार के ठीक सामने ही ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया है। हालांकि स्कूल स्टाफ ने बचाव के उपाय कर रखे हैं, लेकिन शिक्षा के मंदिर पर करंट का साया हमेशा बना रहता है। वहीं विद्युत निगम अधिकारियों की कार्यप्रणाली का आलम यह है, कि ट्रांसफार्मर को हटवाकर अन्यत्र स्थापित करने के लिए 15 दिसंबर 2023 को 1 हजार रुपए के डिमांड नोटिस की राशि भी विद्युत निगम में जमा करा दी गई लेकिन करीब साढ़े 7 माह गुजरने के बावजूद ट्रांसफार्मर को अन्यत्र स्थापित नहीं किया गया है। इसके चलते बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है।

स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने बताया कि इन दिनों प्राइमरी कक्षाओं का संचालन शुरू हो चुका है, जिसमें कक्षा 1 से 5वीं तक के विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। विद्यालय के प्रवेश द्वार के ठीक सामने ट्रांसफार्मर होने से हादसे की आशंका बनी रहती है। ट्रांसफार्मर को अन्यत्र स्थापित करने के लिए कई बार निगम के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। एक माह पहले भेजा पत्र, अब तक कार्रवाई नहीं प्रधानाचार्य ने बताया कि ट्रांसफार्मर के चलते भय के साए में पढ़ाई कर रहे बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 1 जुलाई को विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजकर सुरक्षा की दृष्टि से ट्रांसफार्मर को अन्यत्र स्थापित कराने का आग्रह किया गया। साथ ही इस संबंध में कलक्टर को भी अवगत कराया गया, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जिससे हादसे का अंदेशा बना हुआ है।