Karoli ऊंटगाड़ी से टकराकर ट्रेलर पलटा, कार सवार बाल-बाल बचे
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली-गंगापुर मार्ग स्थित कुड़गांव थाना क्षेत्र के रुंडी का बालाजी के पास पीछे से आ रहे ट्रेलर ने एक ऊंट गाड़ी को टक्कर मार दी। दुर्घटना में ऊंट गाड़ी चालक और ऊंट की मौके पर मौत हो गई।दुर्घटना के बाद ट्रेलर बेकाबू होकर पलट गया। इस दौरान एक कार भी ट्रेलर की चपेट में आ कर पलट गई। हालांकि कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रामपुर धाबाई पीपलपुरा गांव निवासी ऊंट गाड़ी चालक हेमराज गुर्जर मंगलवार रात सामान बेचकर गंगापुर से करौली वापस लौट रहा था। इस दौरान कुड़गांव थाना क्षेत्र के रुंडी का बालाजी के पास गंगापुर की तरफ से आ रहे चीनी से भरे एक ट्रेलर ने पीछे से ऊंट गाड़ी को टक्कर मार दी। दुर्घटना में रामपुर धाबाई पीपलपुरा निवासी ऊंट गाड़ी चालक हेमराज गुर्जर (45) पुत्र केदार गुर्जर की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना में ऊंट की भी मौत हो गई।दुर्घटना के दौरान एक कार भी ट्रेलर की चपेट में आकर पलट गई। हालांकि कुड़गांव थाना क्षेत्र के बाढ़ गुलाल निवासी कार सवार सभी चार लोग बाल बाल बच गए। दुर्घटना के बाद कार और ट्रेलर सड़क पर पलट गए। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कुड़गाव थाना पुलिस ने मृतक के शव को करौली अस्पताल की मॉर्च्युरी में पहुंचाया। जहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई है। पुलिस मामला दर्ज कर ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी है।
