Aapka Rajasthan

Karoli अस्पताल के सामने भी यातायात व्यवस्था हो रही बदहाल

 
Karoli अस्पताल के सामने भी यातायात व्यवस्था हो रही बदहाल

करौली न्यूज़ डेस्क, वैसे तो जिला मुख्यालय के विभिन्न बाजारों में सड़क के बीच वर्षों से मोटरसाइकिलों का जमावड़ा लगा रहना आम बात है। लम्बे समय से पार्किंग के अभाव में बाइकों के जमावड़े की समस्या का समाधान नहीं हो रहा। वहीं राजकीय सामान्य चिकित्सालय के सामने की सड़क पर भी मोटरसाइकिलों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे वाहन चालक और राहगीर परेशान रहते हैं। अव्यवस्थित यातायात के चलते लोग परेशान हैं, लेकिन समस्या समाधान की ओर किसी का ध्यान नहीं है। नतीजतन मार्ग पर आए दिन जाम की नौबत आती है। सोमवार को भी अस्पताल के सामने सड़क पर मोटरसाइकिलों के खड़ा होने से अन्य वाहनों को निकलने में परेशानी हुई और जाम के हालात बन गए। ऐसे में राहगीर भी निकलने के लिए इधर-उधर रास्ता तलाशते नजर आए। काफी मशक्कत के बाद यातायात सुचारू हो सका।

अस्पताल के सामने और आसपास सड़क पर मोटरसाइकिल-ऑटो के खड़ा रहने से आवागमन बाधित होता है। ऐसे में कई बार जाम के कारण एम्बुलेंस तक फंस जाती हैं। इस समस्या के समाधान के लिए यातायात पुलिस ने गत वर्ष अस्पताल के सामने नो पार्किंग का बोर्ड लगाने के साथ बेरिकेड्स भी की थी, जिससे सड़क पर मोटरसाइकिलों को खड़ा किया जाना बंद हुआ तो आवागमन सुचारू बना रहा और आमजन को राहत मिली, लेकिन कुछ समय बाद ही बेरिकेड्स हटा ली गई, जबकि नो पार्किंग का बोर्ड ऊपर टांग दिया गया। जिस पर लिखा गया कि यहां वाहन खड़ा करना निषेध है। इसके बाद यातायात पुलिस की ढिलाई के बाद फिर से सड़क पर दुकानों के सामने मोटरसाइकिलों का खड़ा होना शुरू हो गया। मेडिकल स्टोर के सामने की सड़क पर खड़ी बाइकें आवागमन को अवरुद्ध किए हुए हैं, वहीं रोगी और मेडिकल संचालक भी परेशान रहते हैं। वहीं दूसरी ओर सड़क पर अव्यवस्थित रूप से लगने वाले फल-सब्जी के अनेक ठेले भी सुचारू आवागमन में रोड़ा बनते हैं।