Aapka Rajasthan

Kaila Devi Fair में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहूलियत के लिए प्रशासन ने किये कड़े इंतजाम, 305 CCTV समेत भारी पुलिस बल तैनात

 
Kaila Devi Fair में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहूलियत के लिए प्रशासन ने किये कड़े इंतजाम, 305 CCTV समेत भारी पुलिस बल तैनात

करौली न्यूज डेस्क - करौली स्थित उत्तर भारत के प्रमुख शक्तिपीठ कैला माता का लक्खी मेला 26 मार्च से शुरू होगा। मेले का समापन 11 अप्रैल को होगा। चैत्र नवरात्रि की घट स्थापना 30 मार्च और अष्टमी पूजन 5 अप्रैल को होगा। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रियों के आवागमन के लिए 350 से अधिक रोडवेज बसें चलाई जाएंगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मंदिर ट्रस्ट ने 350 निजी सुरक्षाकर्मी भी लगाए हैं। पूरे मेला क्षेत्र पर 305 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।

मंदिर प्रबंधक विवेक द्विवेदी के अनुसार दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए व्हीलचेयर और रैंप की व्यवस्था की गई है। गर्मी को देखते हुए 25 जल मंदिर बनाए गए हैं। 50 स्काउट गाइड और रोवर स्वैच्छिक सेवाएं देंगे। मेला क्षेत्र में 160 शौचालय और 200 से अधिक सफाई कर्मचारी तैनात रहेंगे। चिकित्सा सुविधा के लिए 24 घंटे डॉक्टर और दो एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। घाटों पर स्नानगृह, चेंजिंग रूम, दो नाव और 12 गोताखोर तैनात किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलिंग में पंखे और कूलर लगाए गए हैं। गंगाजल और केवड़ा मिश्रित चरणामृत छिड़कने की भी व्यवस्था की गई है। मंदिर ट्रस्ट प्रशासक संतोष सिंह ने बताया कि इस वर्ष मेला परिसर को पॉलीथिन मुक्त रखा जाएगा। श्रद्धालुओं की सटीक गिनती के लिए ऑटोमेटिक काउंटिंग मशीन लगाई गई हैं।

मंदिर परिसर में बच्चों के लिए विश्राम स्थल और दूध पीने के केंद्र भी बनाए गए हैं। राजौर और कल्याणी में निशुल्क भोजन वितरण की व्यवस्था की गई है। उल्लेखनीय है कि उत्तर भारत के प्रसिद्ध कैला देवी चैत्र नवरात्र मेले में 40 लाख से अधिक श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत विभिन्न स्थानों से करीब दस लाख श्रद्धालु पैदल चलकर मां के दरबार में मत्था टेकते हैं और खुशहाली की कामना करते हैं। मान्यता है कि मां के दरबार में जो भी आता है वह खाली हाथ नहीं जाता। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन द्वारा मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।